इजरायल ने 12 दिनों के युद्ध में ईरान के 1,480 ठिकानों पर किया हमला, 3,500 हथियार गिराए

तेल अवीव, 25 जून (वार्ता) इजरायल ने ईरान में अपने 12 दिवसीय व्यापक सैन्य अभियान में 1,480 से अधिक ठिकानों पर हमला किया और लगभग 1,500 हवाई हमले कर 3,500 हथियार गिराए । यह जानकारी इजरायली मीडिया और रक्षा सूत्रों ने बुधवार को दी।

ईरान इंटरनेशनल ने इजरायली सेना और राष्ट्रीय राहत सेवाओं (एमडीए) के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि संघर्ष के दौरान 29 इजरायली मारे गए। एक महिला की हवाई हमले के सायरन के दौरान हृदयाघात से मृत्यु हो गई। इजरायली वायुसेना ने इस हमले के दौरान 600 बार हवा में ईंधन भरने का कार्य किया और 80 ईरानी वायु रक्षा प्रणालियों और 250 मिसाइल प्रक्षेपण स्थल को भी निशाना बनाया। ईरान में आठ परमाणु स्थलों पर बमबारी की गई, जिसमें दो प्रमुख संयंत्रों को भारी नुकसान पहुंचा।

प्रारंभिक हवाई हमलों में नतांज और इस्फाहान को निशाना बनाया गया और इसके बाद अराक, पर्चिन, करज, बोनाब और तेहरान पर हमला किया गया। राष्ट्रीय सुरक्षा अध्ययन संस्थान (आईएनएसएस) के हवाले से कहा गया कि इन हमलों से ईरान के परमाणु अवसंरचना को बहुत नुकसान पहुंचा है और देश की सामरिक प्रक्षेपण क्षमता का अधिकांश हिस्सा नष्ट हो गया है। हवाई हमलों के जवाब में ईरान ने इजरायल पर लगभग 600 मिसाइलें दागीं। रिशोन लेज़ियन, हाइफ़ा, पेटाह टिकवा, किर्यत अता और बीरशेबा सहित कई शहरों में लाेगों की मौतें हुईं। संघर्ष के दौरान पूरे इजरायल में 30,000 से ज़्यादा इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं।

इस बीच, इजरायली रक्षा बलों के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने आज कहा कि ईरान के साथ हालिया युद्ध ने उसके परमाणु कार्यक्रम को कई वर्षों पीछे धकेल दिया है। डेफ्रिन की टिप्पणी आईडीएफ चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल ज़मीर की मंगलवार रात की टिप्पणी से मेल खाती है जिसमें उन्होंने कहा था कि हमने ईरान की परमाणु परियोजना को वर्षों पीछे धकेल दिया है और यही बात उसके मिसाइल कार्यक्रम पर भी लागू होती है।

Next Post

ट्रम्प ने ईरान पर हमलों की तुलना हिरोशिमा, नागासाकी की बमबारी से की

Wed Jun 25 , 2025
वाशिंगटन, 25 जून (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के परमाणु संयंत्रों पर हाल ही में किए गए अमेरिकी हमलों की तुलना करते हुये बुधवार को कहा कि ये हमले जापान के हिरोशिमा और नागासाकी पर 1945 में की गई बमबारी के समान हैं। श्री ट्रम्प ने हेग […]

You May Like