
उज्जैन. सिंहस्थ महाकुंभ में रेलवे की अहम भूमिका रहेगी, जिसमें प्रयागराज कुंभ की तर्ज पर उज्जैन स्टेशन पर भी ए -आई के माध्यम से निगरानी की जाएगी, बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि 100 नई ट्रेन चलाएंगे और जमीन मिली तो नया स्टेशन भी बनाएंगे.
रेलवे अध्यक्ष सतीश कुमार का बहुप्रतीक्षित दौरा मंगलवार को हुआ, जिसमें उन्होंने आधा दर्जन स्टेशनों का दौरा करते हुए कलेक्टर रोशन कुमार के साथ मीटिंग की व आने वाली योजनाओं गतिविधियों पर चर्चा करते हुए पूरी रूपरेखा बताई.
उज्जैन में रोप-वे बनेगा या नही
सिंहस्थ में रेलवे स्टेशन से उतरकर महाकाल जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रोप-वे बनाने की योजना प्रस्तावित है, यह बनेगा या नहीं इस पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पाए, उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि हमारी तैयारी तो पूरी है, हम स्टेट गवर्नमेंट से बातचीत करके आगे की प्रक्रिया पर बात करेंगे. कुल मिलाकर अध्यक्ष ने मप्र सरकार के पाले में गेंद डाल दी.
लगभग 100 नई ट्रेन चलेगी
नवभारत से चर्चा में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने बताया कि उज्जैन में सिंहस्थ कुम्भ के लिए हम 90 से 100 नई ट्रेन चलाएंगे. तीन नए फुट ओवर ब्रिज बनाएंगे यदि हमें अधिग्रहण के माध्यम से जमीन मिल गई तो नया स्टेशन बनाएँगे.
