
इंदौर. द्वारकापुरी इलाके में बिजली कंपनी के कर्मचारियों पर उस समय हमला हो गया जब वे क्षेत्र में सुधार कार्य कर जोनल ऑफिस लौटने की तैयारी कर रहे थे. दो बदमाशों ने न सिर्फ कर्मचारियों से मारपीट की बल्कि एमपीईबी की बोलेरो गाड़ी पर पथराव कर उसका कांच भी फोड़ दिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे नुकसान की भरपाई भी करवा ली है.
एमपीईबी कर्मचारी सुरेश चौहान ने थाना द्वारकापुरी में शिकायत दर्ज कराई कि वे अपने साथी उमेश और ड्राइवर बांके के साथ गुरुशंकर नगर क्षेत्र में बिजली संबंधी शिकायत पर सुधार कार्य करने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने लाल बाउंड्री गेट के पास बोलेरो एमपी 09 जेडआर 8090 खड़ी कर रखी थी. जैसे ही वे कार्य पूर्ण कर जोन ऑफिस लौटने लगे, तभी दो युवक वहां पहुंचे और शंकर नाम के व्यक्तिका पता पूछने लगे. सुरेश ने जब बताया कि वह किसी शंकर को नहीं जानता, तो एक युवक ने उसकी जेब में हाथ डाल दिया. इसका विरोध करने पर आरोपियों ने सुरेश से मारपीट शुरू कर दी. बीच-बचाव करने आए उमेश और ड्राइवर बांके को भी पीटा. आरोपियों ने ईंट-पत्थरों से गाड़ी के कांच पर हमला कर तोड़फोड़ की और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दे डाली.
