
इंदौर. शहर में आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस आयुक्त ने तिलकनगर क्षेत्र के सक्रिय बदमाश को छह माह के लिए जिलाबदर कर दिया है. आरोपी अब इंदौर सहित आसपास के जिलों उज्जैन, देवास, धार और खरगोन की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेगा. आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस उपायुक्त हंसराज सिंह ने बताया कि 21 वर्षीय आरोपी आदित्य पांचाल निवासी जे 33 आइडिया मल्टी, स्कीम नंबर 140 तिलकनगर थाने का दोहरे रिकॉर्ड वाला अपराधी है. उसके खिलाफ अब तक छह से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. अपराध की निरंतरता को देखते हुए थाना प्रभारी मनीष लोधा द्वारा आदित्य के खिलाफ जिलाबदर की अनुशंसा की गई थी, जिस पर पुलिस आयुक्त कार्यालय से 23 जून से प्रभावशील छह माह की अवधि के लिए आदेश जारी हुआ. आदेश की तामील के तहत पुलिस ने आदित्य के निवास क्षेत्र में मुनादी भी करवाई, ताकि क्षेत्रवासियों को यह सूचना दी जा सके कि आदित्य अब नगर और आसपास के जिलों की सीमा में नहीं रह सकता.
