
जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीरांगना रानी दुर्गावती के 462वें बलिदान दिवस के अवसर पर वीरांगना रानी दुर्गावती की समाधि स्थल पर नमन एवं पुष्पांजली अर्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वीरांगना रानी की वीरता, शौर्य व पराक्रम भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्त्रोत है। उनके सुशासन व जल संरचना संबंधी कार्यों का जिक्र करते हुए जन कल्याण के कार्यों का उल्लेख किया और कहा कि जबलपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर चिडि़याघर व रेस्क्यू सेंटर बनाया जायेगा। इस रेस्क्यू सेंटर में वन्य प्राणियों के उपचार सुनिश्चित किये जायेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शिखरों से ऊंची जिसकी ख्याति है, वह रानी दुर्गावती का नाम भी देवतुल्य है, जिसमें मां दुर्गा के समान तेज जोश, पराक्रम व पुरूषार्थ था, वह बचपन से ही अस्त्र-शस्त्र चलाने व धनुर्विद्या प्रशिक्षण लिया था, जिस कारण उसमें अद्वतीय हौसला भी था।
मंडला व डिंडोरी से आये नर्तक दल ने किया स्वागत
बलिदान दिवस कार्यक्रम के दौरान मंडला व डिंडोरी से आये नर्तक दल ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आत्मीय स्वागत किया। उनके स्वागत से अभिभूत होकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दल के प्रत्येक सदस्य को पांच-पांच हजार देने की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीरांगना रानी के
समाधि स्थल, उनकी प्रतिमा, बालक वीर नारायण पर पुष्पांजली अर्पित की। इसके साथ ही उन्होंने बड़ा देव का पूजन-अर्चन किया।
नगर निगम को 5 लाख रूपये देने की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान जबलपुर में होने वाली 19 किलोमीटर के मैराथन दौड़ की दूरी बढ़ाकर अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुसार 21 किलोमीटर किया और इस कार्य के लिए उन्होंने नगर निगम को 5 लाख रूपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम के दौरान रानी दुर्गावती मैराथन दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को चेक एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया।
गोंडवाना की धरती पर कैबिनेट बैठक
कार्यक्रम के दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद कैबिनेट की पहली बैठक रानी दुर्गावती को समर्पित करते हुए गोंडवाना की धरती पर करने का निर्णय लिया।
ये रहे उपस्थित
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके, राज्य सभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीकि, सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक सुशील कुमार तिवारी इंदु, अशोक रोहाणी, संतोष वरकड़े, डॉ अभिलाष पांडे एवं नीरज सिंह, भाजपा के
जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, भाजपा के जबलपुर नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, नगर
निगम जबलपुर के अध्यक्ष रिकुंज विज, पूर्व विधायक नीलेश अवस्थी और कमिश्नर धनंजय सिंह, कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय सहित सभी अधिकारी मौजूद थे।
बारहा आगमन पर हुआ आत्मीय स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का शाम 4:45 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा डुमना विमानतल से रानी
दुर्गावती के समाधी स्थल बारहा हेलीपेड आगमन हुआ। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे। यहां निर्मित हेलीपेड पर मौजूद जन प्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री डॉ यादव का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
