
सतना. शराब के नशे में धुत्त एएसआई द्वारा अभद्रता और अवैध वसूली का मामला अभी सुर्खियां बटोर ही रहा था कि सोमवार को सामने आई घटना ने पुलिसिया कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. चोरी की फरियाद लेकर थाने पहुंची महिला के सवालों से वहां पर तैनात आरक्षक का अभिमान इतना आहत हो गया कि उसने महिला के साथ न सिर्फ मारपीट की बल्कि उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय भेज दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकुरिया टोला मोहल्ले की निवासी 65 वर्षीय महिला श्रीमती कलावती सिंह अपने घर में हुई चोरी की शिकायत पर कोई कार्रवाई हुई अथवा नहीं. यह जानना चाहती थी, जिससे वहां पर मौजूद आरक्षक शशिकांत शुक्ला का अभिमान बुरी तरह आहत हो गया. आरक्षक ने महिला के साथ अभद्रता करते हुए कहा कि उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होगी. यह सुनकर जब महिला ने फिर से सवाल किया तो तमतमाए आरक्षक ने महिला के साथ झूमाझटकी करते हुए थप्पड़ मारना शुरु कर दिया. उसने महिला के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज करते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर दी. जिसके चलते पुलिस द्वारा महिला को अनुविभागीय अधिकारी के न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया. जहां से महिला को जमानत लेनी पड़ी.
इधर,थाने में फरियादी महिला के साथ अभद्रता और मारपीट की घटना को वहां पर मौजूद एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, और अगले ही दिन वह सोशल मीडिया पर वाइरल होने लगा. जिसे संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता द्वारा आरक्षक शशिकांत शुक्ला को निलंबित कर दिया गया.
