
सीहोर. सोमवार की दोपहर बिलकीसगंज जोड़ पर एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बुलेरो पलट गई. इस हादसे में बुलेरो में सवार पांच लोग घायल हो गए, एक महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे भोपाल रेफर किया गया है. जानकारी के अनुसार राजस्थान निवासी एक परिवार बुलेरो से बिलकीसगंज की तरफ से आ रहा था. जैसे ही उनका वाहन हाइवे पर आया इंदौर तरफ से आ रहे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई. बुलेरो डिवायडर से टकराते हुए पलट गई. चौराहे पर मौजूद लोगों ने बुलेरो में फंसे लोगों को अस्पताल पहुंचाया. हादसे में पांच लोगों को चोटें आई हैं, जबकि एक महिला की स्थिति गंभीर बनी है. उपचार के बाद महिला को भोपाल रेफर किया गया है.
