मुंबई 22 जून (वार्ता) बॉलीवुड में किंगखान के नाम से मशहूर अभिनेता शाहरुख खान के कार्यालय ने महाराष्ट्र सरकार और बृहन्मुंबई नगर निगम के अधिकारियों को आश्वासन दिया है कि मुंबई के बांद्रा उपनगर में अभिनेता के ‘मन्नत’ बंगले के नवीनीकरण के संबंध में सभी दस्तावेज शीघ्र ही प्रस्तुत कर दिये जायेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एक शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने कथित तौर पर बंगले का निरीक्षण किया था ताकि यह पता लगाया जा सके कि आवश्यक अनुमति के बिना कोई निर्माण किया गया था या नहीं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “हमारी टीम ने शिकायत मिलने के बाद साइट का निरीक्षण किया। बंगले के कर्मचारियों ने हमें बताया कि उन्हें महाराष्ट्र तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण (एमसीजेडएमए) से अनुमति की आवश्यकता है और वे संबंधित अधिकारियों के समक्ष अनुमति पत्र प्रस्तुत करेंगे। इसलिए हम उनके दस्तावेजों के मिलने का इंतजार करेंगे और हमारी रिपोर्ट अगले सप्ताह तक तैयार हो जाएगी।”
गौरतलब है कि 20 जून को बीएमसी और वन विभाग के अधिकारियों ने सीआरजेड नियमों के कथित उल्लंघन का पता लगाने के लिए शाहरूख खान के बंगले का निरीक्षण किया था।
इस बीच अभिनेता की प्रबंधक पूजा ददलानी ने शिकायत संबंधी रिपोर्ट का खंडन किया है और कहा है कि सभी निर्माण कार्य दिशा-निर्देशों के तहत कराये जा रहे हैं। शाहरूख के बंगले ‘मन्नत’में इन दिनों नवीनीकरण चल रहा है। अभिनेता अपने परिवार गौरी खान, आर्यन खान, सुहाना खान और अबराम खान के साथ पाली हिल में आलीशान डुप्लेक्स अपार्टमेंट में चले गए हैं। कथित तौर पर इस अपार्टमेंट का 24.15 लाख रुपये मासिक किराया है।
