नोम पेन्ह/बैंकॉक, 22 जून (वार्ता) कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट ने रविवार को कहा कि थाईलैंड के साथ दो और सीमा चौकियों को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि दोनों आसियान सदस्य देशों के बीच कुछ समय से सीमा विवाद चल रहा है।
श्री मानेट ने कहा कि थाई सेना ने शनिवार रात कंबोडिया के ओद्दार मीन्चे प्रांत के गवर्नर को रविवार से चौब कोरकी सीमा चौकी बंद करने के अपने एकतरफा निर्णय की जानकारी दी। श्री मानेट ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा “मैं गवर्नर से सहमत हूं कि हम उस सीमा चौकी को भी स्थायी रूप से बंद कर देंगे। मैंने गवर्नर को थाई पक्ष को यह भी सूचित करने का निर्देश दिया कि कंबोडिया ने आज से चौब कोरकी सीमा चौकी के साथ-साथ चोआम में एक और सीमा चौकी को भी बंद करने का निर्णय लिया है।”
कंबोडियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि सात जून से थाई सेना ने दोनों देशों के नागरिकों पर पड़ने वाले इसके नकारात्मक प्रभावों पर उचित विचार किए बिना ही कंबोडिया एवं थाईलैंड के बीच सीमा चौकियों को एकतरफा रूप से बंद कर दिया।
श्री मानेट ने कहा कि कंबोडिया का कभी भी यह इरादा नहीं था कि वह दोनों देशों के नागरिकों के लिए कठिनाई उत्पन्न करे, जिन्हें सीमा चौकियों का उपयोग करने की आवश्यकता होती है। फिर भी अगर थाई सेना कंबोडिया पर दबाव डालने के लिए इस तरीके का उपयोग करना जारी रखती है तो कंबोडिया किसी भी समय इसका जवाब दे सकता है।
थाई सेना ने बुरीराम प्रांत के चोंग साई ताकू में व्यापार केंद्र को शनिवार से बंद करने की घोषणा की। थाई सेना ने रविवार को एक बयान में कहा कि उसने सुरक्षा स्थिति बनाये रखने के लिए थाई-कंबोडियाई सीमा पर सभी प्रकार के क्रॉसिंग पॉइंट को खोलने एवं बंद करने के उपाय लागू किए हैं।
हाल ही में कंबोडिया और थाईलैंड की सीमा पर तनाव बढ़ा है क्योंकि 28 मई को एक विवादित सीमा क्षेत्र में दोनों देशों के सैनिकों के बीच कुछ देर के लिए गोलीबारी हुई, जिसमें एक कंबोडियाई सैनिक की मौत हो गई।
