अबू धाबी, 12 मई (वार्ता) अबू धाबी राष्ट्रीय गैस कंपनी (एडनॉक) ने कहा है कि हालिया युद्ध के दौरान ईरानी हमलों से हुए नुकसान के कारण संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का प्रमुख गैस प्रसंस्करण केंद्र वर्ष 2027 से पहले पूर्ण उत्पादन क्षमता पर वापस नहीं लौट पाएगा। एडनॉक गैस के अनुसार अबू धाबी स्थित हबशन गैस प्रसंस्करण परिसर वर्तमान में लगभग 60 प्रतिशत क्षमता पर संचालित हो रहा है। इसे दुनिया की सबसे बड़ी गैस प्रसंस्करण सुविधाओं में गिना जाता है और यह पूरे यूएई में गैस आपूर्ति का प्रमुख केंद्र है।
अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार कंपनी को उम्मीद है कि 2026 के अंत तक उत्पादन क्षमता को लगभग 80 प्रतिशत तक बहाल कर लिया जाएगा, जबकि पूर्ण क्षमता से उत्पादन 2027 में शुरू होने की संभावना है।कंपनी ने अपनी पहली तिमाही के वित्तीय परिणामों में 1.1 अरब डॉलर का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 15 प्रतिशत कम है। कंपनी ने लाभ में गिरावट के लिए ‘क्षेत्रीय अनिश्चितता में वृद्धि और कठिन बाजार परिस्थितियों’ को जिम्मेदार ठहराया। ऊर्जा क्षेत्र होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवधान से जुड़ी अस्थिरता से प्रभावित बना हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार संघर्ष के दौरान हबशन परिसर कई बार हमलों की चपेट में आया। अवरुद्ध किये गये हमलों के मलबे से आग लगने के बाद कम से कम तीन बार उत्पादन रोकना पड़ा। सूत्रों के अनुसार युद्ध के दौरान ईरान ने यूएई पर किसी भी अन्य देश की तुलना में अधिक हमले किये, जिनमें अमेरिकी हितों से जुड़े परिसंपत्तियों के साथ-साथ हवाईअड्डों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों जैसी नागरिक अवसंरचनाओं को भी निशाना बनाया गया।

