नई दिल्ली 20 जून (वार्ता) विदेशी बाजारों के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर मांग निकलने से आज दिल्ली थोक जिंस बाजार में अधिकांश खाद्य तेलों में तेजी रही जबकि चीनी सस्ती हो गई वहीं अन्य जिंसों में टिकाव रहा।
तेल-तिलहन : वैश्विक स्तर पर मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का जुलाई वायदा 11 रिंगिट फिसलकर 4067 रिंगिट प्रति टन पर आ गया। वहीं, जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.45 सेंट की गिरावट के साथ 55.22 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
इस दौरान घरेलू बाजार में खाद्य तेलों में टिकाव रहा। सूरजमुखी तेल 365 रुपये, सोया रिफाइंड 183 रुपये और पाम ऑयल 333 रुपये प्रति क्विंटल महंगे हो गए। वहीं, सरसों तेल, मूंगफली तेल और वनस्पति तेल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
गुड़-चीनी : मीठे के बाजार में मिलाजुला रुख रहा। इस दौरान चीनी 300 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हो गई। वहीं, गुड़ के भाव पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर पड़े रहे।
दाल-दलहन : दाल-दलहन के बाजार में टिकाव रहा। इस दौरान चना, दाल चना, मसूर दाल, मूंग दाल, उड़द दाल और अरहर दाल के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।
अनाज : अनाज मंडी में भाव स्थिर रहे। इस दौरान चावल और गेहूं के दाम पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर पड़े रहे।

