मोदी की जन्मभूमि वडनगर में मनाया जाएगा राज्य स्तरीय योग दिवस

गांधीनगर, 19 जून (वार्ता) गुजरात में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय समारोह आगामी शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर में आयोजित किया जाएगा।

सरकारी सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि ‘योग फॉर वन अर्थ-वन हेल्थ’ की थीम के साथ मनाए जा रहे इस 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के साथ-साथ समग्र गुजरात में इस आयोजन में ‘स्वस्थ गुजरात-मेदस्विता मुक्त गुजरात’ का लक्ष्य भी रखा गया है।

राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में इस 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की सम्पूर्ण राज्यव्यापी योजना को अंतिम रूप दे दिया गया है। श्री पटेल 21 जून को प्रातः छह बजे से वडनगर के शर्मिष्ठा तालाब पर आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल के साथ-साथ खेल राज्य मंत्री हर्ष संघवी और अन्य नेता भी उपस्थित रहेंगे।

भारत की प्राचीन स्वास्थ्य एवं शारीरिक सुखकारी परंपरा योग को प्रधानमंत्री मोदी के सफल प्रयासों से वैश्विक स्वीकृति मिली है तथा संयुक्त राष्ट्र में 177 देशों के समर्थन से 21 जून को विश्वभर में योग दिवस मनाने को स्वीकार किया गया है।

तदनुसार, समग्र विश्व में 2015 से 21 जून को सामूहिक योग कार्यक्रमों के माध्यमों से अंतराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है; आयोजनों की श्रृंखला में इस वर्ष 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी विशाखापट्टनम में योग साधना से जुड़ेंगे और देशवासियों को मेदस्विता मुक्त के साथ योग के माध्यम स्वास्थ्य और तंदुरस्ती का प्रेरक संदेश भी देंगे।

21 जून को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय समारोह के आयोजन स्थल वडनगर सहित विभिन्न स्थानों पर प्रधानमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण करने का आयोजन भी किया गया है।

राज्य सरकार के खेल, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधि विभाग तथा राज्य योग बोर्ड के सहयोग से व्यापक जन भागीदारी के साथ 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को मनाने की एक विस्तृत योजना बनाई गई है।

इस वर्ष, राज्य भर से लगभग एक करोड़ 50 लाख से अधिक नागरिकों की सहभागिता के साथ योग दिवस मनाने का लक्ष्य रखा गया है।

योग दिवस-2025 के उत्सव के काउंटडाउन के अंतर्गत अब तक जूनागढ़, पोरबंदर, सूरत, वडोदरा और अहमदाबाद के साथ-साथ जिला-तालुका स्तर पर लगभग 1,000 लोगों की क्षमता वाले 35 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

राज्यभर में योग के प्रति प्रोत्साहक वातावरण निर्माण करने तथा अधिक से अधिक लोग 21 जून को योग दिवस में सहभागी हो इस उद्देश्य से 15 से 20 जून तक प्रत्येक जिले में कॉमन योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

इतना ही नहीं, पुलिस तंत्र द्वारा योग रैली और योग सत्र का आयोजन, ग्राम सभाओं का आयोजन करके ग्रामीण स्तर पर योग का प्रचार, नगरपालिका-महानगर पालिका स्तर पर वार्डों के साथ-साथ पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रोटोकॉल कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं।

राज्य के जिला मुख्यालयों, नगरों-महानगरों में स्थानीय आइकॉनिक स्थानों का चयन करके वहां योग कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना बनाई गई है।

प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर में शर्मिष्ठा तालाब, हाटकेश्वर महादेव मंदिर, ताना-रीरी गार्डन, कीर्ति तोरण, प्रेरणा स्कूल, वडनगर रेलवे स्टेशन और वडनगर संग्रहालय प्रेरणा स्ट्रीट, वॉच टावर, हाथी देरासर और बी.एन. शाह हाई स्कूल सहित 11 प्रतिष्ठित स्थानों पर योग और सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम योग दिवस के काउंटडाउन के रूप में आयोजित किए गए।

प्रधानमंत्री के जन-जन को योग से जोड़ने और स्वस्थ-तंदुरुस्त रहने के आह्वान को पूरा करने के लिए गुजरात ने 11वें विश्व योग दिवस पर ग्रामीण स्तर से लेकर महानगरों तक जनभागीदारी के साथ व्यापक योग कार्यक्रम का व्यापक आयोजन किया है। इसके तहत 18,226 ग्राम पंचायतों और 251 तालुका पंचायतों में भी योग दिवस के आयोजन में लगभग 10.40 लाख लोगों को शामिल करने की योजना है।

स्कूल और कॉलेज के छात्र भी इस योग दिवस पर उत्साहपूर्वक भाग लें इस उद्देश्य के साथ 45 हजार प्राथमिक शालाओं, 12,500 माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शालाओं तथा 2600 कॉलेज 3 यूनिवर्सिटी मिलाकर 60,100 स्थानों पर शिक्षकों और विद्यार्थियों को मिलाकर लगभग 5.73 लाख लोग योगमय बनेंगें।

इसके अलावा, राज्य के 287 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, 1477 पी.एच.सी, 6500 वेलनेस सेंटरों, 30 जेलों, 33 पुलिस मुख्यालयों और 1152 पुलिस थानों में भी योग दिवस मनाया जाएगा। राज्य में लगभग 100 अमृत सरोवर स्थानों पर भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

गत वर्ष गुजरात ने एक करोड़ 31 लाख लोगों की सहभागिता के साथ 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मनाने में अग्रणी भूमिका निभाई थी।

गुजरात ने इस वर्ष 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वडनगर के शर्मिष्ठा तालाब पर भुजंगासन में एक नया गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने का भी लक्ष्य रखा है।

 

Next Post

लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान संपन, कुल 49़ 07 प्रतिशत हुआ मतदान

Thu Jun 19 , 2025
लुधियाना 19 जून (वार्ता) पंजाब में लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव गुरुवार को कुल 49़ 07 प्रतिशत मतदान के साथ शांतिपूर्वक संपन हो गया। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और दिन भर धीमी रफ्तार से चलता रहा। उपचुनाव का परिणाम 23 जून को घोषित किये जायेंगे। इस चुनाव क्षेत्र में […]

You May Like