चलती बाइक में धमाका, युवक के उड़े चिथड़े

सीहोर। तेज रफ्तार से जा रही बाइक में अचानक धमाका होता है और फिर बाइक सवार के शरीर के चिथड़े और बाइक के कलपुर्जे दूर तक जाकर गिरते हैं. यह लोमहर्षक हादसा रविवार की सुबह लगभग 11 बजे इछावर- रामनगर मार्ग पर जिसने भी देखा वह दहशत से भर गया. आनन- फानन में पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि सड़क से लगभग 50 फीट दूर युवक का क्षतविक्षत शव पड़ा था तो बाइक के टुकड़े भी काफी दूर तक बिखरे पड़े थे.

रविवार की सुबह लगभग 11 बजे जिले के इछावर-आष्टा रोड पर रामनगर गांव के पास जो हुआ, उसने पूरे इलाके को दहशत में डुबो दिया. तेज रफ्तार से गुजर रही एक बाइक अचानक चलते-चलते आग के गोले में बदल गई. जोरदार धमाका हुआ और सड़क पर आग, धुआं और इंसानी चीथड़ों का तांडव फैल गया. पल भर में बाइक सवार युवक के दोनों पैर धड़ से अलग होकर दूर जा गिरे और शरीर का ऊपरी हिस्सा सड़क पर तड़पता रह गया. चंद सेकंड में सब खत्म हो गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके की आवाज इतनी भयानक थी कि आसपास के गांवों तक लोगों ने इसे महसूस किया. सड़क से लगभग 50 फीट दूर युवक का क्षत-विक्षत शव और 70 फीट दूर तक बाइक के लोहे के टुकड़े उड़कर जा गिरे. सड़क पर खून, मांस और जलते टायर की गंध ने पूरा मंजर किसी युद्धभूमि जैसा बना दिया. कई लोग दहशत में जमीन पर बैठ गए, कुछ की चीखें निकल पड़ीं, तो कुछ मोबाइल से वीडियो बनाने लगे.

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक युवक कुओं में ब्लास्टिंग का काम करता था और वह भारी मात्रा में डेटोनेटर लेकर जा रहा था. मृतक की पहचान जामली निवासी 30 वर्षीय सुखराम बरेला आ. दिनेश बारेला के रूप में हुई है, जो रविवार की सुबह रामनगर गांव की ओर जा रहा था. ग्रामीणों का कहना है कि वह रोजाना इसी रास्ते से विस्फोटक सामग्री लेकर कुओं में ब्लास्टिंग करने जाया करता था. इसी दौरान बाइक पर रखा विस्फोटक अचानक सक्रिय हो गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को केवल मृतक के शरीर के टुकड़े और मैदान में बिखरे पड़े बाइक के कलपुर्जे ही मिले. घटना की जानकारी आग की तरह फैल गई और लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे. कुछ ही देर में वहां भारी भीड़ जमा हो गई थी. जिसने भी यह लोमहर्षक हादसा अपनी आंखों से देखा वह हतप्रभ होकर रह गया. मामले में पुलिस की मानें तो प्रारंभिक तौर संभावना है कि युवक कुओं के गहरीकरण काम में आने वाली जिलेटिन की छड़ें ले जा रहा होगा तभी किसी वजह से अचानक विस्फोट हो गया. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है.

एफएसएल के बाद एसटीएफ भी मौके पर पहुंची

ग्राम रामनगर के समीप हुए बाइक ब्लास्ट के बाद इछावर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. इस दौरान क्षेत्र को सील करते हुए आमजन की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी. सूचना मिलने के बाद जिला मुख्यालय से एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची. टीम द्वारा मौके से विस्फोटक के नमूने बटोरे गए. पुलिस का कहना है कि विस्फोटक की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी. इधर शाम को राजधानी से भी एटीएस की टीम मौके पर पहुंची है. टीम ने हादसे की सभी वजहों को जानने के लिए वहां पर छानबीन की है.

मामले की जांच कर रहे

विस्फोट की सूचना मिलने के बाद इछावर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. मृतक के परिजनों व दोस्तों से पूछताछ में सामने आया कि वह कुओं को गहरा करने का काम करता था. जो विस्फोट हुआ है वह सामान्य रूप से कुओं की ब्लास्टिंग में काम आता है. आरडीएक्स से विस्फोट होने की जानकारी पूरी तरह भ्रामक है.

रोशन कुमार जैन,

एसडीओपी आष्टा

Next Post

श्रीलंका की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया

Sun Dec 28 , 2025
तिरुवनंतपुरम, 28 दिसंबर (वार्ता) श्रीलंका की महिला टीम ने रविवार को चौथे टी-20 मैच में टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आज यहां श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस के बाद अटापट्टू ने कहा हमने पिछले […]

You May Like