
जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल 10 वीं और 12 वीं के नतीजे घोषित होने के बाद जिन स्टूडेंट्स ने इस साल परीक्षा नहीं दी या फिर इस परीक्षा में अपने नंबरों से खुश नहीं है या एग्जाम में फेल हो गए हैं, उनकी दोबारा परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। लेकिन इसमें देखा जा रहा है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए केंद्रों पर ग्रामीण क्षेत्र के दसवीं कक्षा में विद्यार्थियों की संख्या लगातार ही कम देखने को मिल रही है, जिसमें सबसे ज्यादा परीक्षार्थी ग्रामीण क्षेत्र के ही अनुपस्थित हो रहे हैं।
परीक्षा प्रभारी आर के बधान से मिली जानकारी के अनुसार 19 जून को अंग्रेजी विषय के पेपर में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 48 केंद्र बनाए गए थे, जिसमें कुल 3445 विद्यार्थियों में से 3307 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें शहरी क्षेत्र के 35 तो ग्रामीण क्षेत्र 103 विद्यार्थी अनुपस्थित थे। गौरतलब है कि 17 जून को भी बोर्ड परीक्षा में दसवीं के हिंदी के पेपर में भी ग्रामीण क्षेत्र के 250 विद्यार्थी अनुपस्थित थे।
बारहवीं में 72 विद्यार्थी अनुपस्थित
दोबारा शुरू हुई बोर्ड परीक्षा का दूसरा पेपर बारहवीं कक्षा में भी अंग्रेजी विषय का था। जिसमें 72 विद्यार्थी अनुपस्थित थे। परीक्षा प्रभारी आर के बधान से मिली जानकारी के अनुसार बारहवीं के पेपर के लिए भी जिले में कुल 48 केंद्र स्थापित किए थे, जिसमें 2493 विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होने वाले थे, जिसमें से 2421 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा दी है, जबकि 72 विद्यार्थी पेपर में अनुपस्थित थे।
