पीओएस के बिना बेची खाद, विक्रेता को नोटिस

जबलपुर। जिले में इंडोरामा एवं कृभको कंपनी की रैक लगने के बाद जिले के सभी डबल लॉक केंद्रों में डीएपी उर्वरक का भंडारण हो चुका है। डीएपी वितरण व्यवस्था का जायजा लेने कृषि अधिकारियों ने शहपुरा स्थित डबल लॉक केंद्र का निरीक्षण किया। उप संचालक कृषि ने बताया कि निरीक्षण के दौरान किसानों द्वारा बेलखेड़ी में एक निजी विक्रय केंद्र पर अधिक दर पर डीएपी बेचे जाने की शिकायत की गई। किसानों की इस शिकायत पर विभागीय अधिकारियों द्वारा तत्काल चौकसे फर्टिलाइजर्स बेलखेड़ी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान इस उर्वरक विक्रय केंद्र पर कुभको कंपनी के डीएपी 440 बैग पाये गये। जानकारी प्राप्त किये जाने पर ज्ञात हुआ कि चौकसे फर्टिलाइजर्स को 570 बैग डीएपी मिला था जो अभी पीओएस मशीन पर प्राप्त नहीं हुआ है। इसके बावजूद 130 बैग डीएपी का विक्रय कर दिया गया।

इस कृत्य पर चौकसे फर्टिलाइजर्स को नोटिस जारी कर उर्वरक के विक्रय को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है। उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम के नेतृत्व में किये गये निरीक्षण में सहायक संचालक कृषि रवि आस्रवंशी, अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ इंदिरा त्रिपाठी शामिल थे।

ओ फार्म की वैधता हो चुकी समाप्त

उप संचालक कृषि के अनुसार बिना पीओएस के डीएपी विक्रय किये जाने पर चौकसे फर्टिलाइजर्स को नोटिस जारी किया गया है। इस विक्रय केंद्र से डीएपी एवं एसएसपी के नमूने लेकर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भी भेजे गये हैं। साथ ही केंद्र पर उपलब्ध बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक औषधियों के प्रिंसिपल सर्टिफिकेट का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि इस विक्रय केंद्र के उर्वरक ओ फार्म की वैधता समाप्त हो चुकी थी। लेकिन विक्रेता द्वारा बिना इसका नवीनीकरण कराये डीएपी उर्वरक का विक्रय किया जा रहा था।

शनिवार को भी खुले रहेंगे गोदाम

खरीफ फसल की बोनी के लिये किसानों को उनकी मांग के अनुरूप और समय पर उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देशानुसार शनिवार को 21 जून को भी जिले में स्थित सभी उर्वरक गोदाम खुले रहेंगे।

Next Post

जीवाजी विश्वविद्यालय में प्रवेश की अंतिम तिथि आज, अंतिम वर्ष के परीक्षार्थी भी ले सकेंगे प्रवेश

Thu Jun 19 , 2025
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए अध्ययन शालाओं में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी है कि प्रवेश की अंतिम तिथि 20 जून निर्धारित की गई है। प्रवेश समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर विवेक बापट ने बताया कि इस वर्ष विशेष सुविधा के तहत वे […]

You May Like