नयी दिल्ली 19 जून (वार्ता) भारतीय टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमाह रॉड्रिग्स महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) 2025 में हिट ब्रिस्बेन के लिए खेलेंगी।
डब्ल्यूबीबीएल के गुरुवार को हुए ड्राफ्ट के दौरान रॉड्रिग्स को मेलबर्न स्टार्स ने अपनी पहली पसंद के रूप में चुना था, लेकिन ब्रिस्बेन हीट ने उन्हें रिटेन कर अपनी टीम में बनाये रखा। पिछले वर्ष हीट के लिए खेलते हुए रॉड्रिग्स ने 10 पारियों में 33 की औसत और 139 के स्ट्राइक रेट से एक अर्धशतक सहित कुल 267 रन बनाए थे।
रॉड्रिग्स ने रिटेन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर लिखा, “मैं अपने परिवार के साथ वापस जुड़ गई हूं और टीम से जुड़ने के लिए और इंतजार नहीं कर सकती।”
यह रॉड्रिग्स का चौथा डब्ल्यूबीबीएल सत्र होगा। इससे पहले वह 2021-22 में रेनगेड्स और 2022-23 में स्टार्स की ओर से खेल चुकी हैं। कुल मिलकर उन्होंने इस लीग में 30 मैच की 28 पारियों में 26 को औसत और 121 के स्ट्राइक रेट से 644 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं।

