हादसा:नपा की जर्जर दुकान की छत ढही, अशोकनगर की महिला व बच्चे घायल, दुकानदार दबा

गुना। शहर के जयस्तंभ चौराहे के निकट बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नगरपालिका की जर्जर दुकान की छत अचानक भरभरा कर गिर पड़ी। यह हादसा करीब 1:10 बजे लक्ष्मीगंज स्थित इंडिया स्पोर्ट्स दुकान में हुआ, जहां पर अशोकनगर निवासी एक परिवार खरीदारी कर रहा था। छत गिरने से दुकानदार विक्की जैन मलबे में दब गया, वहीं महिला और उसके दो छोटे बच्चे घायल हो गए। घायल महिला की पहचान ममता भील (35) निवासी अशोकनगर के रूप में हुई है, जो अपने पति नैनकराम भील और दो बेटों आर्यन भील (10) और अयनांश भील (6) के साथ क्रिकेट किट खरीदने गुना आई थीं। जैसे ही उन्होंने दुकान से सामान खरीदा, अचानक ऊपर से छत ढह गई। हादसे में ममता भील और बच्चे मलबे से बमुश्किल निकाले गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार जारी है। घटना में दुकान मालिक विक्की जैन को भी बाद में रेस्क्यू कर निकाला गया। दुकान मालिक का पैर मलबे में दब गया था। हादसे के करीब आधे घंटे बाद दुकान मालिक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। उसे सीधा जिला अस्पताल भेजा गया है। इधर जानकारी के अनुसार दुर्घटना में घायल महिला को मुंह और सिर में चोटें आई हैं। जैसे ही छत गिरने को हुई तो मां ने अपने छोटे बच्चे को अंचल में छिपा लिया। जिसके चलते बच्चे को खरोंच तक नहीं आई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और नगरपालिका का अमला मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे में दबे दुकानदार को निकालने का कार्य देर तक चलता रहा। यह दुकान नगर पालिका की बताई जा रही है, जिसकी हालत लंबे समय से जर्जर थी। इसके बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। शहर में ऐसे कई कॉम्प्लेक्स जैसे सुगन चौराहे स्थित विजयवर्गीय कॉम्प्लेक्स भी खतरे की जद में हैं। वर्षों से नोटिस जारी करने का सिलसिला चलता रहा, लेकिन व्यावहारिक कार्रवाई नहीं हुई। यह हादसा नगरपालिका की लापरवाही का परिणाम है, जो भविष्य में और भी गंभीर त्रासदियों को जन्म दे सकता है। जानकारी के अनुसार, जिस कॉम्प्लेक्स में यह दुकान है, वह लगभग 50 वर्ष पुराना है। यह काफी जर्जर हो चुका है। नगरपालिका इन्हें खाली करने का नोटिस भी जारी कर चुकी थी।

इनका कहना है

– मैंने इस बिल्डिंग की नपा सीएमओ और अधिकारियों से चर्चा की है। यह काफी जर्जर हालत है। काफी बार नपा नोटिस भी दे चुकी है। लेकिन दुकानदार तैयार नहीं होते हैं, वह सोचते होंगे कि उन्हें कहां शिफ्ट किया जाएगा। हम जल्द ही दुकानदारों को शिफ्ट करेंगे। इसको लेकर नपा के प्लान भी है। इस संबंध में एक बैठक आयोजित कर जल्द निर्णय लिया जाएगा। आज एक गिरा है कल दूसरा भी गिर सकता है। ऐसे भवनों की हालत काफी खराब है। आज पूरे प्रशासन की टीम ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। घटना में कोई जनहानि नहीं है। घायलों का उपचार चल रहा है। जिलेभर में ऐसी जर्जर बिल्डिंगों का सर्वे कराया जाएगा। उसे तत्काल खाली कराने की कार्रवाई की जाएगी। -कलेक्टर किशोर कन्याल

Next Post

कांग्रेस विधायक बरैया बोले- रानी लक्ष्मीबाई अंग्रेजों से पेंशन लेती थीं, उन्होंने आत्महत्या की

Wed Jun 18 , 2025
दतिया। जिले के भांडेर से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का एक वीडियो भाजपा के प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पाराशर ने एक्स पर शेयर किया है। इस वीडियो में बरैया कहते नजर आ रहे हैं-“खूब लड़ी मर्दानी, वो तो झांसी वाली रानी है। बुंदेलों के हरबोलों के मुंह हमने सुनी कहानी […]

You May Like