वाशिंगटन (वार्ता) इजराइल और ईरान के बीच छिड़ी लड़ाई के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि उन्हें ईरान के सर्वोच्च नेता अली खमेनेई के ‘छुपे होने’ के ठिकाने की सही-सही जानकारी है लेकिन अमेरिका अभी उन पर वार नहीं करना चाह रहा है।
श्री ट्रंप ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट में कहा,“हमें तथाकथित सुप्रीम लीडर के छुपे होने के ठिकाने की सटीक जानकारी है। उन पर निशाना साधना बहुत आसान है लेकिन वह सुरक्षित हैं। हम उन्हें कम से कम अभी मारना नहीं चाहते। लेकिन हम नहीं चाहते कि नागरिकों और अमेरिकी सैनिकों पर मिसाइल दागी जाएं।”
उन्होंने आगे कहा “हमारा धैर्य क्षीण हो रहा है। इस बात पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।”
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में उत्पन्न स्थिति के बीच श्री ट्रंप जी7 शिखर बैठक को बीच में ही छोड़कर कनाडा से आज तड़के अमेरिका वापस आ गए थे।
