गाले (श्रीलंका) 17 जून (वार्ता) कप्तान नजमुल शांतो (नाबाद 136) और मुशफिकुर रहीम (नाबाद 105) की शतकीय पारियों की मदद से बंगलादेश ने पहले टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 292 रन बना मैच पर अपनी पकड़ बना ली है।
आज यहां बंगलादेश ने टॉस जीतकर पहले टेस्ट मैच में मेजबान श्रीलंका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। असिता फर्नांडो ने अनामुल हक (शून्य) को आउट कर बंगलादेश को पहला झटका दिया। थरिंडु रत्नायके ने अपने पदार्पण टेस्ट में शादमान इस्लाम (14) को आउटकर श्रीलंका को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद रत्नायके ने मोमिनुल हक (29) को भी आउटकर बंगलादेश के लिए संकट खड़ा कर दिया। ऐसी संकट की घड़ी में कप्तान नजमुल शांतो और मुशफिकुर रहीम की जोड़ी ने बंगलादेश की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट लिए 247 रनों की अविजित साझेदारी हुई। इस दौरान पहले नजमुल शांतो ने 203 गेंदों में 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 101 रन बनाकर अपना शतक पूरा किया। यह नवंबर 2023 के बाद शांतो का पहला और श्रीलंका के खिलाफ दूसरा टेस्ट शतक है। उसके बाद मुशफिकुर ने 176 में पांच चौके लगाते हुए अपना शतक पूरा किया। मुशफिकुर का यह 12वां टेस्ट शतक है, श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने चौथी बार शतक जड़ा है। पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय बंगलादेश ने तीन विकेट पर 292 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। नजमुल शांतो (नाबाद 136) और मुशफिकुर रहीम (नाबाद 105) क्रीज पर मौजूद है।
श्रीलंका की ओर थरिंडु रत्नायके ने दो विकेट लिये। असिता फर्नांडो को एक विकेट मिला।