
सीधी। जिले के मड़वास थाना क्षेत्र के परासी गांव में सोमवार रात भाजपा युवा मंडल मड़वास अध्यक्ष एवं सरपंच पति लाला गर्ग पर हमला हुआ। गांव में सडक़ निर्माण कार्य के दौरान हुए विवाद के बाद यह घटना हुई। लाला गर्ग की पत्नी गांव की सरपंच हैं। सोमवार शाम 4 बजे से परासी में सडक़ निर्माण कार्य चल रहा था। रात 9 बजे लाला गर्ग वहीं अपनी कार में बैठे थे। इसी दौरान गांव के चार लोग अंकुर, आलोक, दीपक और सुनील मिश्रा वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहले मजदूरों को काम रोकने को कहा। मजदूरों के मना करने पर आरोपी लाला गर्ग से गाली-गलौच करने लगे। उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पत्थरों से कार पर हमला कर दिया। कार के पीछे और साइड के शीशे टूट गए। मजदूरों के आने पर आरोपी भाग गए। रात 11 बजे लाला गर्ग मजदूरों और मिस्त्री के साथ मड़वास थाने पहुंचे।
इनका कहना है
मामला दर्ज कर लिया गया है। रिपोर्ट में गाली-गलौच, धमकी और कार को नुकसान पहुंचाने का जिक्र है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
केदार परौहा, थाना प्रभारी मड़वास
