रक्षा क्षेत्र में भी भारत निर्यातक देश के रूप में उभर रहा है – राजनाथ

पचमढ़ी, 16 जून (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि भारत प्रत्येक क्षेत्र में लगातार तरक्की कर रहा है और अब हम रक्षा क्षेत्र में भी निर्यातक देश के रूप में उभर रहे हैं।

श्री सिंह ने मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल पचमढ़ी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों और विधायकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के समापन समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश प्रभारी डॉ महेंद्र सिंह ने भी अपना संबोधन दिया। रक्षा मंत्री श्री सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार की 11 वर्ष की प्रमुख उपलब्धियां बतायीं और कहा कि विकसित भारत हमारा लक्ष्य ही नहीं, बल्कि संकल्प है। देश को आत्मनिर्भर, समावेशी और गौरवशाली राष्ट्र बनाने में हम सबकी भूमिका है। आज देश सुरक्षित हाथों में है और सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री सिंह ने कहा कि आज देश की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचने जा रही है और ये बात सिर्फ आंकड़ों की नहीं है, बल्कि बदलाव जमीन पर भी दिखाई देता है। देश हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। रक्षा क्षेत्र में अब हम एक निर्यातक देश के रूप में उभर रहे हैं। भारत अपनी संप्रुभता और अखंडता की रक्षा करने में कोई समझौता नहीं करेगा और हमने यह “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान देखा है।

श्री सिंह ने पार्टी नेताओं को अनेक सीख और हिदायतें देते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे नेताओं ने विचार और मूल्यों की राजनीति को स्थापित किया। आज भी हमारा कार्यकर्ता चुनाव हार सकता है, लेकिन विचार से नहीं हटता। यही वजह है कि भाजपा एक साधारण दल नहीं है। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी विभाग के मंत्री हैं, उन्हें यह याद रखना चाहिए कि वे विभाग प्रमुख नहीं, बल्कि जनसेवक हैं। मंत्री की कुर्सी सेवा की चौकी है। नीतियों में समरसता दिखाई देना चाहिए, तुष्टिकरण नहीं। हमारे लिए सारी दुनिया एक परिवार है, ऐसे में जाति-पंथ के आधार पर फैसले कैसे हो सकते हैं। हमें हमेशा यह याद रखना चाहिए कि हमारा जन्म सत्ता के गलियारों में नहीं, बल्कि संघर्षों की आंच में हुआ है।

श्री सिंह ने कहा कि सभी सांसद और विधायक हमेशा संगठन से जुड़े रहें, क्योंकि संगठन तब भी था, जब सत्ता नहीं थी। वे कार्यकर्ताओं को सम्मान दें और उनकी बात सुनें, क्योंकि भाजपा की असली ताकत जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही है। जनता की सेवा हमारे “डीएनए” में है, हम जनसेवक हैं, शासक नहीं हैं। जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही भाजपा की असली ताकत है। जनता का भरोसा जीतें और हर संकट के समय सबसे पहले जनता के बीच पहुंचें। सभी अपनी सोच और दृष्टि को बड़ा रखें।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि चरित्र, मूल्यों और क्षमताओं का विकास करके राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन द्वारा सरकार का या संगठन का, जो भी दायित्व, हम कार्यकर्ताओं को सौंपा जाता है, हम लोग उसे पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ पूर्ण करते हैं। व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की परम्परा एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें व्यक्ति के चरित्र, मूल्यों और क्षमताओं का विकास करके राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया जाता है। यह प्रक्रिया व्यक्ति को समाज में एक जिम्मेदार नागरिक बनाती है और व्यक्ति राष्ट्र निर्माण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

डॉ यादव ने कहा कि इस प्रदेश में श्री कुशाभाऊ ठाकरे, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और दिवंगत राजमाता सिंधिया ने अलग पहचान बनाकर पार्टी के विस्तार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आंतकवाद को नेस्तानाबूत करके दुनिया में एक अलग पहचान बनाई है। भारतीय जनता पार्टी ने विकास से लेकर विरासत को संजोया है और हमने इंदौर व पंचमढ़ी में कैबिनेट बैठक आयोजित इसी उद्देश्य से की है।

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि यह हम सभी को गौरवान्वित करने वाला क्षण है कि आज हमें भाजपा के वरिष्ठ नेता व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन मिला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान रक्षा मंत्री श्री सिंह ने रक्षा विशेषज्ञों के साथ स्वदेशी रक्षा सामग्री का उपयोग कर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। देश की सेनाओं और स्वदेशी मिसाइलों ने ऑपरेशन सिंदूर में पराक्रम दिखाकर इतिहास रचा है। आज रक्षा क्षेत्र में भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है, हमारी सेनाएं और रक्षा उपकरण स्वदेशी होने के साथ ही आधुनिक भी हैं।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का विकास और विस्तार कार्यकर्ताओं की पीढ़ियों के परिश्रम और पुण्य का प्रतिफल है। भाजपा की विचारधारा केवल चुनाव जीतने की दृष्टि से गढ़ी गई रणनीति नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण करने वाले विचारों की श्रृंखला है। देश के आजाद होने के बाद जवाहरलाल नेहरू की सरकार में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी को उद्योग मंत्री बनाया गया था, लेकिन जवाहरलाल नेहरू ने वर्ग विशेष के दबाव में उन्हें लाभ पहुंचाने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लगा दी। जब नेहरू सरकार जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने को तैयार नहीं हुई तो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने मंत्री पद त्याग कर आंदोलन शुरू कर दिया था। अंतत: इतने सालों बाद केंद्र की भाजपा सरकार ने धारा 370 हटाने का काम किया।

 

Next Post

सोनभद्र में बिजली गिरने से तीन मरे,तीन पुलिस कर्मी भी झुलसे

Mon Jun 16 , 2025
सोनभद्र 16 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के रायपुर थाना परिसर में स्थित वायरलेस टावर पर बिजली गिरने से तीन पुलिसकर्मी झुलस गए जबकि जिले में अलग अलग तीन स्थानों पर वज्रपात से तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच […]

You May Like