नयी दिल्ली 16 जून (वार्ता) नोबेल पुरस्कार विजेता रवीन्द्रनाथ टैगोर के बंगलादेश स्थित पैतृक मकान में तोड़फोड़ के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने यहां सोमवार को प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि बंगलादेश के सिराजगंज जिले में स्थित श्री टैगोर का घर अब एक संग्रहालय है। रविवार को एक विवाद के बाद भीड़ ने वहां तोड़-फोड़ की थी।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने यहां स्थित बंगलादेश उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में श्री सचदेवा के अलावा सांसद मनोज तिवारी, श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी और श्री योगेन्द्र चंदोलिया, विधायक राजकुमार भाटिया और श्री गजेन्द्र यादव, श्रीमती योगिता सिंह, श्री प्रवीण शंकर कपूर, श्री विनय रावत, श्री सतीश गर्ग, श्रीमती लता गुप्ता, श्री विनोद बछेती, श्री नरेश एरन, श्री बृजेश राय, श्री विक्रम मित्तल, श्री शुभेंदू अवस्थी, श्री यासिर जिलानी, श्री अमित गुप्ता, श्रीमती ऋचा पांडेय, श्री सी.एल. मीणा, श्री सागर त्यागी सहित पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।
भाजपा कार्यकर्ता तीन मूर्ति चौक स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय पर एकत्र हुए और दो पुलिस बैरिकेड्स तोड़ते हुए बंगलादेश उच्चायोग की ओर बढ़ने लगे, तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका और चाणक्य पुरी थाने ले गयी। करीब आधे घंटे बाद सभी को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
इस मौके पर श्री सचदेवा ने कहा कि भारत और बंगलादेश दाेनोें के ही राष्ट्रगान रवीन्द्रनाथ टैगोर ने लिखे हैं। उनके पैतृक मकान पर सुनियोजित तरीके से तोड़फोड़ करना बंगला संस्कृति और हिंदू संस्कृति पर हमला है।
उन्होंने कहा कि बंगला संस्कृति को अगर कोई अपमानित करने की कोशिश करेगा तो हिंदुस्तान का हर व्यक्ति आवाज उठाएगा। यहां सब लोग यह संदेश देने के लिए एकत्र हुए हैं कि बांग्ला संस्कृति के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ।
श्री तिवारी ने कहा कि बंगलादेश में जिस प्रकार से हिंदुओं के साथ अत्याचार हो रहा है और खासकर टैगोर के मकान को गिराने की इरादतन कोशिश की गयी है वह क्षमा योग्य नहीं है।
