कस्टमर की गाड़ी ठीक करने के लिए दो मिस्त्री आपस में भिड़े, एक की मौत

ग्वालियर। शिंदे की छावनी इलाके में ग्राहक की बाइक सुधारने को लेकर दो मिस्त्री आपस में झगड़ गए। दोनों में जमकर खींचतान और मारपीट हो गई। इस घटना के कुछ ही देर बाद एक की मौत हो गई। मृतक के स्वजन ने हत्या का आरोप लगाया है। इंदरगंज थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है। पुलिस ने अभी मर्ग कायम किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। इसके बाद पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी। मृतक का नाम देवेंद्र शाक्य था जो निर्धन नगर में रहता था। वह शिंदे की छावनी स्थित चावला ऑटो पार्ट्स पर ही काम करता था। उसके साथ मनोज आर्य भी गाड़ियां सुधारता है। यह लोग दोपहर में दुकान के बाहर की खड़े थे। इसी दौरान एक बाइक सवार गाड़ी सुधरवाने के लिए आया। गाड़ी सुधारने को लेकर दोनों में मारपीट भी हो गई। इसके बाद इन्हें यहां मौजूद अन्य लोगों ने अलग करवाया। मनोज कुछ दूरी पर चला गया। तभी अचानक देवेंद्र गाड़ी सुधारते-सुधारते जमीन पर अचेत होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

देवेंद्र के स्वजन पहले अस्पताल फिर इंदरगंज थाने पहुंचे। यहां इनका कहना था कि उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 7.5 लाख का माल बरामद

Mon Jun 16 , 2025
भोपाल। थाना कोहेफिजा एवं थाना शाहजहानाबाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर एक शातिर वाहन चोर गिरोह को पकड़ लिया है। गिरोह के कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से 8 चोरी के वाहन, 3 वाहनों के खुले पार्ट्स और अन्य उपकरणों समेत कुल 7.5 लाख रुपये […]

You May Like