ग्वालियर: सेना की अग्निवीर भर्ती के लिये 30 जून से 10 जुलाई तक लिखित परीक्षा होगी। ऑनलाइन लिखित परीक्षा के लिये सेना ने ग्वालियर में 3 केंद्र तय कर दिये हैं।
ऑनलाइन लिखित परीक्षा में पास अभ्यार्थियों का शारीरिक परीक्षण अगस्त के प्रथम सप्ताह में होगा। लेकिन इसके लिये अभी स्थान तय नहीं हे। इसकी वजह है कि 25 दिन में ग्वालियर प्रशासन ने सेना को कोई जवाब नहीं दिया है। जबकि शिवपुरी प्रशासन ने फिजीकल कॉलेज मैदान में भर्ती कराने की तैयारी कराने का भरोसा दिया है।
लिखित ऑनलाइन परीक्षा भारतीय विद्या मंदिर शिक्षा समिति चितौरा रोड, मालवा इंस्टीट्यूट सिकरौदा एवं भारतीय विद्या मंदिर यमुना नगर दर्पण कॉलोनी में होगी। लिखित परीक्षा में चयन होने वाले अभ्यार्थियों का शारीरिक परीक्षण अगस्त में कहां होगा यह तय नहीं है। इसमें मुरैना, भिण्ड व ग्वालियर के सर्वाधिक अभ्यर्थी होने की वजह से सेना भर्ती कार्यालय की प्राथमिकता ग्वालियर में शारीरिक परीक्षण कराने की है।
शारीरिक परीक्षण के लिये सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक ने मई के पहले सप्ताह में ग्वालियर प्रशासन के साथ बैठक का प्लान बना, लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव होने की वजह से बैठक निरस्त हो गयी। इसके बाद सेना निदेशक ने प्रशासन को 20 मई को परीक्षण के लिये खेल विभाग का मुरैना रोड स्थित मैदान दिये जाने के लिये पत्र लिखा था।
