सीधी: जिले के रामपुर नैकिन थाना के पुलिस चौकी पिपरांव अंतर्गत बघवार चौराहे पर बड़ा हादसा उस समय टल गया जब शहडोल से रीवा जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार में विस्फोट हो गया। तेज धमाके से कार के बोनट में आग लग गई और ड्राइविंग सीट पर बैठे कार मालिक धर्मेंद्र पटेल फंस गए। गनीमत रही कि एयरबैग समय पर खुल गया और लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बाहर निकाल लिया।
कार क्रमांक एमपी 17 सीसी 9173 के मालिक धर्मेंद्र पटेल ने बताया कि वाहन में तकनीकी खराबी की वजह से इंजन फट गया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ा और वह सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि दोनों आगे के टायर उखड़कर दूर जा गिरे। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बाल्टी से पानी लाकर आग बुझाई। वहीं, चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।
