भोपाल। रेल सुरक्षा बल ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा. यात्री सामान चोरी की नीयत से घूमते पाए जाने पर आरोपियों को पकड़ा गया और नियमानुसार कार्रवाई की गई.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि आरपीएफ की टीम द्वारा प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर एक युवक रामू जोशी (उम्र 18 वर्ष, निवासी, झांसी, उत्तर प्रदेश) को संदिग्ध गतिविधियों के तहत पकड़ा गया. उसके पास यात्रा संबंधी कोई वैध टिकट अथवा अधिकृत दस्तावेज नहीं पाए गए. चूंकि वह बिना किसी वैध कारण के रेलवे परिसर में यात्रियों के बीच संदेहास्पद स्थिति में घूम रहा था, अतः उस पर रेल अधिनियम की धारा 145 व 147 के अंतर्गत कार्रवाई की गई.
दूसरे मामले में आरपीएफ पोस्ट भोपाल से आरक्षक कृष्ण कुमार, सुनील और हरिओम की टीम द्वारा एक अन्य संदिग्ध व्यक्ति संतोष दुबे (उम्र 21 वर्ष, निवासी अयोध्या बायपास, भोपाल) को पकड़ा गया, जो यात्रियों के बीच संदिग्ध रूप से घूम रहा था. तलाशी लेने पर उसके पास से एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसकी वैधता स्पष्ट नहीं हो सकी. उक्त व्यक्ति को आगे की कार्यवाही हेतु जीआरपी भोपाल के सुपुर्द किया गया. जीआरपी द्वारा आवश्यक पूछताछ के उपरांत जब कोई फरियादी नहीं मिला तो संदिग्ध व्यक्ति के विरुद्ध जीआरपी थाना भोपाल में धारा 170, 126, व 135(3) बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया गया.
