इंदौर: शहर में कोरोना संक्रमण फिर से दस्तक देता नजर आ रहा है. शनिवार को एक ही दिन में 12 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए, जिनमें एक मरीज नीमच का और बाकि 11 इंदौर के रहने वाले हैं. इसके साथ ही जिले में कोरोना मरीजों की अब तक संख्या बढ़कर 30 हो गई है.मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीएस सेतिया ने जानकारी दी कि सभी नए संक्रमितों की ट्रैवल हिस्ट्री और संपर्कों की जांच की जा रही है. विभाग ने संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा है और उनकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है.
बीते कुछ दिनों से शहर में कोरोना के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. अधिकांश मामलों में मरीजों में हल्के लक्षण हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी. बावजूद इसके, स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है और सभी पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए लोगों के सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. स्वास्थ्य अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी में सर्दी, खांसी या बुखार जैसे लक्षण दिखाई दें तो वह तत्काल जांच कराएं और सावधानी बरतें. वहीं, मास्क पहनना और भीड़ से बचाव जैसे उपायों को भी अपनाने की सलाह दी गई है.
