मंडला: जिले के भुआबिछिया बस स्टैंड पर चल रहे एक अवैध शराब अहाते पर बिछिया पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी बिछिया निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस दल ने मौके पर पहुँचकर छापामार कार्रवाई की। बताया गया कि पुलिस को बिछिया बस स्टैंड स्थित एक दुकान में संदीप मराबी 28 वर्ष निवासी ग्राम कोको, अवैध रूप से शराब बेचते और एक अहाता संचालित करते हुए मिला।
दुकान के अंदर पर्दे के पीछे चार व्यक्ति शराब पीते हुए पाए गए। दुकान की तलाशी के दौरान काउंटर के ड्राज के नीचे एक पेटी से 40 पाव देशी मदिरा प्लेन, 3 पाव एमडी रम और 7 पाव जीनियस व्हिस्की, कुल 50 पाव अवैध शराब जब्त की गई। इसके साथ ही 30 नग डिस्पोजल ग्लास और शराब बिक्री की 810 रुपये की रकम भी जब्त की गई है।
बताया गया कि मौके पर शराब पी रहे चारों व्यक्तियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पूछताछ में आरोपी संदीप मराबी ने बताया कि उसने यह दुकान अज्जू उर्फ अभय चौरसिया से किराए पर ली है और वह इसी दुकान से अखबार बेचने के साथ अवैध शराब का अहाता भी चला रहा था। पुलिस ने संदीप मराबी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है। इसके साथ ही दुकान मालिक के विरुद्ध भी आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
