आस्ट्रेलिया के पर्थ शहर में ई-स्कूटर किराये पर देने पर फिलहाल रोक

पर्थ 05 जून (वार्ता) पश्चिम ऑस्ट्रेलिया की राजधानी पर्थ में ई-स्कूटर की टक्कर से एक पैदल यात्री की मौत के बाद ई-स्कूटरों को किराये पर लेने पर अनिश्चितकाल तक के लिए रोक लगा दी गयी है। यह देश में अपनी तरह का पहला मामला है।

ऑस्ट्रेलियाई प्रसारण निगम (एबीसी) ने गुरुवार को बताया कि पर्थ में शनिवार रात को अपने एक मित्र के साथ शहर के बीचोबीच टहल रहे एक व्यक्ति को पीछे से ई-स्कूटर ने टक्कर मार दी। टक्कर में घायल 51 वर्षीय उस व्यक्ति की बाद में अस्पताल में मौत हो गयी।

एबीसी के मुताबिक गुरुवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर से शहर में ई-स्कूटर किराये पर देने पर रोक लगा दी है। गौरतलब है कि पर्थ में ई-स्कूटर दुर्घटना में किसी के मारे जाने की अपनी तरह की यह पहली घटना है।

इस बाबत घटनास्थल से एक ब्रिटिश पर्यटक को गिरफ्तार किया गया और उस पर शराब के नशे में खतरनाक तरीके से स्कूटर चलाने के कारण किसी की ‘हत्या’ का आरोप लगाया गया है।

इस बीच, पर्थ के डिप्टी लॉर्ड मेयर ब्रूस रेनॉल्ड्स ने इस घटना को ‘दुखद घटना’ बताया और कहा कि शहर की सड़कों से सभी ई-स्कूटरों को कब्जे में ले लिया जायेगा।

उन्होंने कहा कि यह प्रतिबंध कितने समय तक चलेगा, इसके लिए अभी कोई सीमा अवधि तय नहीं की गयी है।

पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख रोजर कुक ने एबीसी रेडियो से कहा कि ई-स्कूटरों को किराये पर लेने के फैसले पर ‘निलंबन’ एक ‘पूरी तरह से उचित’ प्रतिक्रिया है।

Next Post

रूस-यूक्रेन सात जून से शुरू करेंगे कैदियों की अदला-बदली

Thu Jun 5 , 2025
मास्को, 05 जून (वार्ता) रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी व्लादिमीर मेडिंस्की ने कहा कि रूस सात से नौ जून के बीच यूक्रेन के साथ कैदियों की अदला-बदली शुरू करने के लिए तैयार है। यूक्रेन के साथ वार्ता में रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख श्री मेडिंस्की ने बताया कि रूस और यूक्रेन के […]

You May Like