नयी दिल्ली, 05 जून (वार्ता) दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली विधानसभा परिसर को एक आदर्श उद्यान के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है जिससे राजधानी की अन्य संस्थाओं को भी प्रेरणा मिल सके।
श्री गुप्ता ने अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के अवसर पर विधानसभा परिसर में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में कहा कि दिल्ली विधानसभा को पर्यावरणीय जागरूकता और सुंदरता का प्रतीक बनाया जाएगा। विधानसभा सिर्फ एक राजनीतिक केंद्र नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह एक ऐसा सुंदर और प्रेरणादायक स्थान बने, जो दिल्ली के नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे।
श्री गुप्ता ने कहा कि विधानसभा परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें फूलदार और सजावटी वृक्ष, सुंदर झाड़ियाँ, ताड़ के पेड़, बांस के गुच्छे, लताएँ और ग्राउंडकवर्स शामिल हैं। इसके साथ ही, खुशबूदार पौधों की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे विधान सभा परिसर का वातावरण सुंदर ही नहीं बल्कि सुगंधित और ताजगीपूर्ण भी बने।
उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा परिसर को एक आदर्श उद्यान के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है, जिससे राजधानी की अन्य संस्थाओं को भी प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा, “इस ऐतिहासिक परिसर को सुंदर बनाकर हम जनता का ध्यान पर्यावरण की ओर आकर्षित करना चाहते हैं और हर नागरिक को प्रकृति का संरक्षक बनने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं।”

