
ग्वालियर। लोकसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भोपाल में अपने भाषण में लंगड़ा शब्द का इस्तेमाल किया। उनके इस बयान पर अंतरराष्ट्रीय पैरा स्विमर और पद्मश्री से सम्मानित ग्वालियर के सतेंद्र सिंह लोहिया ने सोशल मीडिया पर आपत्ति दर्ज कराई है।
राहुल गांधी के सार्वजनिक बयान पर नाराजगी जताते हुए लोहिया ने कहा कि ‘लंगड़ा’ शब्द का इस्तेमाल दिव्यांगों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने एक्स पोस्ट पर लिखा- आदरणीय राहुल गांधी जी, आप राष्ट्रीय स्तर के सम्माननीय राजनेता हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से आपका लंबे समय से आदर करता आया हूं। मैं एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का पैरा स्विमर हूं, दिव्यांग हूं, और इस देश का एक जिम्मेदार नागरिक भी हूं।
लोहिया ने लिखा- हाल ही में भोपाल में राहुल गांधी ने ‘लंगड़ा’ शब्द का प्रयोग किया, जो अत्यंत असंवेदनशील है। उन्होंने इसे दिव्यांग जन अधिकार अधिनियम 2016 के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह शब्द कानूनी रूप से भी आपत्तिजनक है और अब सरकारी भाषा में इसका प्रयोग नहीं होता। लोहिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए शब्द दिव्यांग का जिक्र करते हुए कहा, यह शब्द हमारी क्षमताओं को दर्शाता है, न कि हमारी चुनौतियों को। लोहिया ने राहुल गांधी से आग्रह किया कि वे इस विषय पर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण दें और भविष्य में दिव्यांगजन की भावनाओं का ध्यान रखें। उन्होंने यह भी लिखा- हम दिव्यांग लोग भी इस देश के नागरिक हैं, हमारा भी आत्मसम्मान है और हमारा भी प्रतिनिधित्व है। हम केवल सहानुभूति नहीं, समान अधिकार और सम्मान की अपेक्षा रखते हैं।
