
भोपाल। मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने आज कहा कि चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार द्वारा 18 फर्जी या आधे-अधूरे कार्यों के माध्यम से करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये की बंदरबांट की गई है। यह राशि आर.ई.एस. (Rural Engineering Services) विभाग के माध्यम से नल और नालियों की सफाई के नाम पर स्वीकृत की गई थी।
उन्होंने कहा चौंकाने वाली बात यह है कि इन कार्यों में किसी भी प्रकार का सार्वजनिक हित नहीं दिखता, और भौतिक स्तर पर अधिकांश काम ज़मीन पर दिखाई ही नहीं देते। उन्होंने आरोप लगाया कि इस राशि में से 10% कमीशन विभाग को देकर बाक़ी राशि का गबन किया गया। नायक ने प्रेस से कहा कि
मानसून के आगमन से पहले “जल निकासी के बहाने” जो यह घोटाला रचा गया है, वह दरअसल बारिश से पहले बरसात प्रसाद वसूलने की एक सोची-समझी योजना है। कार्य स्थल पर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को कोई जानकारी नहीं दी गई, न ही इन कार्यों की निविदा की पारदर्शिता सुनिश्चित की गई।
उन्होंने सवाल किया कि
अगर बारिश से पहले जल निकासी का पैसा ही डकार लिया जाएगा, तो बारिश में जनता को गली-मोहल्लों में नाव चलानी पड़ेगी। नायक ने
सतना कलेक्टर से इस प्रकार हुए करीब 18 कामों का तत्काल भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है।
