यूपी टी-20 लीग : लखनऊ फाल्कन्स ने नोएडा किंग्स को तीन विकेट से हराया

लखनऊ, 18 अगस्त (वार्ता) मैन ऑफ द मैच अभिनंदन सिंह (चार विकेट) की घातक गेंदबाजी और आराध्य यादव (51) के अर्धशतक की बदौलत लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में सोमवार देर रात तक खेले गये रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स को तीन विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।

भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गये मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स ने 137 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.2 ओवर में सात विकेट पर 140 रन बनाकर जीत हासिल की। इससे पहले टॉस जीतकर लखनऊ के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने गेंदबाजी का फैसला किया। नोएडा किंग्स की शुरुआत अच्छी रही और टीम ने पहले विकेट के लिये 34 रन जोड़े, लेकिन इसके बाद विकेटों का सिलसिला शुरू हो गया। अभिनंदन सिंह और नवनीत कुमार की सटीक गेंदबाजी के सामने नोएडा की टीम पावरप्ले में ही 48 रन पर पांच विकेट गंवा बैठी।

मध्यक्रम में शिवा सिंह ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 22 रन बनाये, जबकि बॉबी यादव (29) और कार्तिक सिद्धू (23) ने आठवें विकेट के लिये 49 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संभालने का प्रयास किया। हालांकि लखनऊ के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट झटकते हुए नोएडा को 19.5 ओवर में 136 रन पर समेट दिया। लखनऊ की ओर से अभिनंदन सिंह ने चार विकेट लिये, जबकि नवनीत कुमार को तीन सफलताएं मिलीं।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम ने 41 रन तक दो विकेट गंवा दिये। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज आराध्य यादव ने जिम्मेदारी संभालते हुए 42 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
नोएडा के तेज गेंदबाज शुभम गौतम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट झटके और एक समय लखनऊ को दबाव में ला दिया। 108 रन पर छह विकेट गिरने के बाद मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। ऐसे समय में समीर चौधरी ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाये और टीम को जीत दिलाकर लौटे। उन्होंने विजयी रन बनाकर लखनऊ की तीन विकेट की जीत सुनिश्चित की।

Next Post

कुलगाम में हुए हादसे में सीआरपीएफ के चार जवान और ट्रक चालक घायल

Tue Aug 18 , 2026
श्रीनगर, 18 अगस्त (वार्ता) जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में मंगलवार को एक सड़क हादसे में सेंट्रल रिज़र्व पुलिस फ़ोर्स (सीआरपीएफ) के चार जवान और एक आम नागरिक ट्रक चालक घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे पर लेवोदुरा के पास एक ट्रक और सीआरपीएफ […]

You May Like