
सिंगरौली । खम्हरिया गांव के महदेवा गांव निवासी जगदीश साकेत उम्र 32 वर्ष का आज सुबह रिलायंस सासन पावर शिवपहड़ी परिसर के जंगल में पेड़ पर लटकता हुआ शव मिलने से विरोध के स्वर और भी तेज हो गए। करीब 26 घंटे तक हंगामा होता रहा।
दरअसल यहां बताते चले कि खम्हरिया पंचायत के जगदीश साकेत पिता रामकिशुन साकेत रिलायंस सासन पावर के अधीन संविदा कंपनी में श्रमिक के रूप में कार्य कर रहा था। शनिवार की सुबह 6 बजे ड्यूटी के बाद दोपहर 1:47 बजे ड्यूटी से वापस नही आया तो श्रमिक के अन्य साथी तलाश करते हुये परिजनों को जानकारी दी। शाम होते-होते भारी भीड़ जमा हो गई और कोतवाली बैढ़न एवं सासन चौकी पुलिस तलाश में जुट गई। रिलायंस सासन पावर के बाहर हंगामा भी तेज होने लगा। लापता श्रमिक की बहन व पत्नी लाठियां भाजने लगी और प्रमुख गेट को असामाजिक तत्वों ने तोड़ते हुये अंदर घुस गये। इस दौरान गाली-गलौज होती रही। आधी रात के वक्त अचानक करीब तीन दर्जन से अधिक अराजक तत्व कंपनी के घुस तोड़फोड़ करते हुये पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कोतवाली बैढ़न निरीक्षक थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार, विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी एवं नवानगर थाना प्रभारी राकेश साहू राका को भी चोटे आई। पुलिस ने अपने बचाव के लिए हल्का बल प्रयोग कर आताताइयों को खदेड़ दी। सुबह फिर से सर्चिंग शुरू की गई और कंपनी परिसर के जंगल में जगदीश का शव पेड़ की डाली में लटकता हुआ मिला है। इसके बाद कंपनी के बाहर हंगामा व नारेबाजी करने लगे। आज रविवार की शाम करीब 4:30 बजे मृतक के परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुये। कंपनी ने मृतक के आर्थिक सहायता राशि एवं अन्य वादा की, तब जाकर मामला शांत हुआ। लेकिन करीब 26 घंटे तक हंगामा-शोरशराबा चलता रहा। इधर जगदीश की वजह से फांसी के फंदे पर झूला,अभी स्पष्ट नही है। पीएम रिपोर्ट के आने के बाद ही वजह का पता चलेगा। वहीं जितने लोग उतने तरह की बाते कर रहे हैं। कोई कह रहा है कि सुनियोजित तरीके से पेड़ पर लटका दिया गया है। घटनास्थल अलग बयां कर रहा है। पुलिस इसी पर जांच कर रही है।
विधायक व महापौर भी पहुंचे थे समझाइश देने
जानकारी के अनुसार उक्त कंपनी से श्रमिक के लापता होने की जानकारी मिलने पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह एवं महापौर रानी अग्रवाल भी सासन पावर कंपनी पहुंची, जहां स्थिति का जायजा लेते हुये जगदीश साकेत के परिजनों को ढाढ़स बंधाते हुये समझाइश दिया और कहा कि पुलिस एवं प्रशासन तलाश में लगी हुई है। विधायक एवं महापौर शनिवार की रात में पहुंचे थे, बताया जा रहा है कि जब तक दोनों जनप्रतिनिधि मौजूद थे, तब तक शांति थी। सूत्र बताते हैं कि इसी दौरान कुछ आताताइयों ने कंपनी में तोड़फोड़ कर पत्थर बाजी शुरू कर दी। यहां से बात बिगड़ी और मौके पर मौजूद तहसीलदार ने भी शांति बनाए रखने के लिए अपील की। फिर भी अराजक तत्व किसी की भी बात नही सुन रहे थे और दनादन पत्थर बरसा रहे थे। फिर पुलिस ने आताताइयों को खदेड़ कर बाहर किया।
रिलायंस कंपनी के खिलाफ गुस्सा निकाल रहे थे ग्रामीण
रिलायंस सासन पावर कंपनी शिवपहड़ी के प्रबंधन की क्रियाकलाप किसी से छुपी नही है। कंपनी प्रबंधन के अड़ियल रवैया को लेकर लोगों में पहले से ही गुस्सा है। सूत्र बता रहे हैं कि जगदीश साकेत एक बहाना था, इसी आड़ में कथित ग्रामीण अपने गुस्से को निकाला है। कई ग्रामीणों के साथ-साथ कथित श्रमिको का कहना है कि कंपनी के अधीन कार्यरत संविदा कंपनियां मनमानी कर रही हैं। श्रमिको के पीएफ कटौती की जानकारी नही मिल पाती। शिकायत करने पर संविदा कंपनी श्रमिको को कार्य से भगाने की धमकी भी देते हैं। कई बार कलेक्ट्रोरेट में इसकी शिकायते भी हो चुकी हैं, लेकिन कंपनी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने से प्रशासन भी प्रशासन भी कतराता है। इसके अलावा अन्य मुद्दों को लेकर लोगों में आक्रोश था, जहां बीती रात कंपनी एवं एक निजी वाहन में तोड़फोड़ किये जाने की चर्चा है।
इनका कहना:-
मामले का निराकरण करा दिया गया है। भीड़ को समझाइश देकर शांत कराया गया है और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। मृतक के परिजन भी बात मान गये हैं।
सियाज केएम
एसपी,सिंगरौली
