नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर 14 जुलाई को छात्र करेंगे कलेक्टर भवन का घेराव

इंदौर। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में निष्पक्ष जांच एवं छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर इंदौर के टांट्या भील चौराहे पर पिछले 12 दिनों से अनिश्चितकालीन धरना दे रहे छात्रों ने 14 जुलाई को कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की है। आंदोलनरत छात्रों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

छात्रों के अनुसार 14 जुलाई को बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा टांट्या भील चौराहे से शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे। वहां कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर 23 सूत्रीय मांगों को रखा जाएगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाई जाएगी।

आंदोलन से जुड़े अरुण बड़ोले ने बताया कि इस प्रदर्शन में स्थानीय छात्रों के साथ-साथ अन्य जिलों एवं बाहरी क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में छात्र शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि आंदोलन को विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों का समर्थन मिल रहा है। साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दिपके ने भी वीडियो कॉल के माध्यम से आंदोलनकारियों से चर्चा कर अपना समर्थन व्यक्त किया है।

वहीं आंदोलनकारी छात्र रोहित वास्कले ने बताया कि कलेक्टर को दिए जाने वाले ज्ञापन में छात्रों की एक प्रतिनिधि समिति गठित करने का आग्रह किया जाएगा, ताकि छात्रों की समस्याओं एवं मांगों पर प्रशासन के साथ नियमित संवाद स्थापित हो सके। इसके अलावा 23 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग भी रखी जाएगी।

धरना स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र एकत्र होकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि उनका उद्देश्य छात्रों के भविष्य की सुरक्षा तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना है। अब सभी की नजर 14 जुलाई को प्रस्तावित कलेक्टर कार्यालय घेराव और प्रशासन की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है।

Next Post

थाने के सामने खुद को जिंदा जलाने वाले की मौत, भडक़ा आक्रोश, चक्काजाम

Sat Jul 11 , 2026
जबलपुर। माढ़ोताल थाने के ठीक सामने 5 जुलाई को प्रभात नगर निवासी पूनाराम नोनिया (55) ने आत्महत्या के इरादे से खुद पर डीजल छिडक़कर आग लगा ली थी। इलाज के दौरान शनिवार को उसकी नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई ।मृतक ने […]

You May Like