
दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के बीच आज रविवार को चिरूला गांव में दिलचस्प नजारा देखने को मिला। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी गांव में जनसंपर्क कर रहे थे।
जब आशुतोष दूर से ही जीतू पटवारी को नमस्ते करते हुए आगे बढ़ने लगे तो जीतू ने कहा कि पास आकर मिलो न। इतनी दूर से क्यों जा रहे हो यार। ऐसे नहीं चलेगा। इसके बाद आशुतोष पास पहुंचे।
पटवारी ने पूछा- दूर से जाओगे तो कैसे चलेगा? पास आने पर जीतू ने कहा कि एक तो आप पहली बार आए हो यहां, चुनाव लड़ने के लिए। इससे पहले तो आए नहीं। फिर भी दूर-दूर से जाओगे तो कैसे चलेगा? इसी दौरान आशुतोष ने जीतू के हाथ से माइक लिया और मौजूद लोगों से कहा कि हमारी विचारधारा अलग-अलग है लेकिन हमारे परिवार के रिश्ते हैं। बहुत पुराने रिश्ते हैं। आप सबसे मैं प्रार्थना करता हूं कि आपका आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी को मिले। सिर झुकाकर के आपके आशीर्वाद की अपेक्षा करता हूं।
इसके बाद जीतू ने आशुतोष के हाथ से माइक लिया और कहने लगे कि एक मिनट आशुतोष जी, आपका अधिकार है, आशीर्वाद मांगा। इसी दौरान आशुतोष वहां से जाने लगे तो जीतू ने रोकने की कोशिश करते हुए कहा कि मैंने यहां सबसे पूछा कि इससे पहले आशुतोष जी को कभी देखा तो एक भी हाथ नहीं उठा। इस पर आशुतोष ने कहा कि जबको जानकारी है, यहीं का रहने वाला हूं, यहीं घर है। बचपन से यहां हूं। यह कहकर वे चले गए।
