
सीहोर. समीपस्थ अहमदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मगरदी खुर्द की नाबालिग किशोरी के शव के साथ थाने के सामने प्रदर्शन कर रहे परिजन व ग्रामीण दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही शव को लेकर गांव रवाना हुए और बुधवार को नाबालिग का अंतिम संस्कार किया गया. गांव में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात है.
गौरतलब है कि गत 2 जून की रात्रि को पीडि़ता के परिजन उसे गंभीर अवस्था में गांव के एक निजी अस्पताल ले गए थे जहां से उसे हमीदिया अस्पताल भोपाल रेफर कर दिया गया था. उपचार के दौरान नाबालिग ने दम तोड़ दिया था. मंगलवार को शव का पीएम कराने के बाद परिजन व ग्रामीणों ने शव के साथ अहमदपुर थाने के सामने प्रदर्शन कर दिया था. नाबालिग के पिता का कहना था कि गांव के दो युवकों द्वारा उसकी बेटी से दुष्कर्म करने के बाद उसे जहरीला पदार्थ खिला दिया था जिससे उसकी मौत हो गई. उसने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा था कि जब वह सोमवार की रात थाने पहुंचा तो वहां उसकी शिकायत न सुनते हुए उसे भगा दिया था. पीडि़ता के परिजन द्वारा लगातार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस थाने के सामने नारेबाजी की जा रही थी तभी अचानक भीड़ में शामिल कुछ लोगों द्वारा पुलिस पर पथराव कर दिया था. अनियंत्रित भीड़ को नियंत्रित करने तथा पथराव रोकने के लिये पुलिस ने भीड़ को खदेडऩे बल प्रयोग भी किया था.
मामले की संजीदगी को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन मृतिका के परिजन युवकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े थे. देर रात पुलिस ने जब इस मामले के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया उसके बाद ही परिजन शव को लेकर गांव रवाना हुए थे. जहां आज उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया. पुलिस ने मामले में कुलदीप उर्फ कान्हा पिता जगदीश सिंह सोलंकी एवं जगपाल सिंह सोलंकी पिता ओमप्रकाश सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है.
