पन्ना, 04 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिज़र्व में बाघों के बीच होने वाली टेरिटोरियल फाइट (आपसी संघर्ष) में घायल बाघ को उपचार के बाद विचरण के लिये छोड़ दिया गया है।
क्षेत्र संचालक अंजना सुचिता तिर्की ने आज बताया कि विगत माह 10 वर्षीय बाघ पी-243 बुरी तरह जख्मी हो गया था। बाघ के सिर में गहरा घाव था। सोशल मीडिया में बाघ की फोटो वायरल होने पर पार्क प्रबंधन का ध्यान इस जख्मी बाघ की ओर गया। बाघ विशेषज्ञों की सलाह पर वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी पन्ना टाइगर रिजर्व के द्वारा इस बाघ का उपचार किया गया। जख्मी बाघ का घाव भरने लगा और वह अब पूरी तरह से ठीक हो गया है।
उन्होंने बताया कि पन्ना टाइगर रिजर्व के अंतर्गत हिनौता परिक्षेत्र में पिछले दिनों बाघ पी- 243 के सिर पर चोट का निशान दिखाई देने पर पार्क प्रबंधन द्वारा 20 अप्रैल को ट्रेंकुलाइज किया जाकर बड़गड़ी बाडे में वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी पन्ना टाइगर रिजर्व की सतत निगरानी में उपचार हेतु रखा गया था। बाघ के घाव ठीक होने के उपरांत 3 जून को शाम उप संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व की उपस्थिति में स्वच्छंद विचरण हेतु बाड़ा खोला गया। इसके उपरांत बाघ बाड़े से निकलकर वन क्षेत्र में स्वच्छंद विचरण हेतु चला गया।

