एक दिन पहले दी थी धमकी
ग्वालियर: कुत्ते के भौंकने से नाराज एक ठेकेदार और उसके साथियों ने कुत्ते के मालिक को गोली मार दी। गोली पेट में लगी है और युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना मांढरे की माता मंदिर के पास झुग्गी-झोंपड़ी की है। घायल को परिजन ने अस्पताल पहुंचाया।घायल के परिजन का आरोप है कि उनके घर के पास ही वन विभाग की भूमि है। जिस पर ठेकेदार अवैध रूप से निर्माण कराकर कब्जा करना चाहता है। देर रात आते-जाते समय जब कुत्ता भौंकता था तो कई लोगों की नींद खुल जाती थी। इसी बात से हमलावर नाराज थे।
शहर के कंपू थाना क्षेत्र के मांढरे की माता मंदिर के पास झुग्गी-झोपड़ी निवासी संजय यादव पुत्र करन सिंह यादव ने पुलिस को बताया कि वह खाना खाने के बाद अपने भाई सचिन यादव के साथ घर के बाहर टहल रहा था। तभी वहां पर रिंकू राजपूत, कपिल राजपूत और रामवरण जाटव आए और सचिन व संजय से गाली गलौज करने लगे। पूछा आज तेरा कुत्ता नहीं दिख रहा। गाली गलौज का जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी उनसे विवाद करने लगे।
बात हाथापाई पर पहुंची तो आरोपियों ने उन पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई घटना से सचिन व संजय कुछ समझ नहीं पाए और गोली सचिन के पेट में जा लगी। गोली लगते ही सचिन जमीन पर गिरा तो आरोपी वहां से फायरिंग करते हुए भाग निकले। घायल को तत्काल परिजन जेएएच लेकर पहुंचे। जहां पेट में गोली लगने पर उसे तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती कर लिया गया है। अस्पताल की सूचना पर पुलिस पहुंची और हमलावरों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
घायल के परिजन ने बताया कि रामवरण, कपिल और रिंकू यहां पर वन विभाग की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। यही कारण हैं कि उनका यहां पर अक्सर आना और जाना होता है। ठेकेदार और उनके लोगों को देखकर सचिन व संजय का कुत्ता भौंकता है। जिस पर वह अक्सर गाली गलौज करते हैं। एक दिन पहले भी जब वह आए थे तो कुत्ता उन पर भौंका था। उसी समय रामवरण ने अपने साथियों से कहा था कि अब भौंका तो इस कुत्ते को गोली मार देना। जिस पर झगड़ा हुआ था और परिजन ने मामले की शिकायत कंपू थाना में की थी। इसके बाद देर रात वह आए और सचिन को गोली मार दी।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
टीआई कंपू एमएम मालवीय ने बताया कि एक युवक को तीन हमलावरों ने जान से मारने के लिए गोली मारी है। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि दो की तलाश में पुलिस टीम रवाना की गई हैं।
