खरगोन 02 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के मेनगांव थाना क्षेत्र में कुर्बानी के लिए हैदराबाद परिवहन किये जा रहे बकरों से भरे ट्रक के अन्य ट्रक से टकरा जाने के जहां 50 से अधिक बकरे मारे गए ,वहीं क्लीनर की भी मृत्यु हो गई।
मेनगांव थाना पुलिस के अनुसार आज खरगोन कसरावद रोड पर ओवरटेक करने के दौरान बकरों से भरा ट्रक एक सीमेंट से भरे ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। उन्होंने बताया कि सीमेंट से भरा ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क के किनारे खड़ा था। घटना के चलते ठूंस ठूंस कर ट्रक में भरे गए 180 बकरों में से 50 मौके पर ही मर गए। बकरों के मरने का प्राथमिक कारण दम घुटना बताया गया है।
उन्होंने बताया कि घटना के चलते ट्रक का क्लीनर इंदौर निवासी 25 वर्षीय सादिक कुरेशी बुरी तरह से घायल हो गया। इंदौर ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई। ट्रक ड्राइवर सईद भी मामूली रूप से घायल हुआ है। बकरों से भरा ट्रक नीमच से हैदराबाद जा रहा था। जहां बकरीद के अवसर पर इनकी कुर्बानी दी जानी थी।
उन्होंने बताया कि ट्रक ड्राइवर और ट्रक मालिक के विरुद्ध क्रूरता पूर्वक बकरों को भरे जाने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। ट्रक ड्राइवर सईद ने बताया कि 60 बकरों की मौत हुई है, और कुछ बकरों को ग्रामीण ले भी गए हैं।

