गुरुग्राम, 02 जून (वार्ता) देश की प्रमुख सीमेंट उत्पादक कंपनी श्री सीमेंट लिमिटेड (एससीएल) ने लॉजिस्टिक्स और आपूर्ति श्रृंखला को अधिक दक्ष, टिकाऊ और लागत प्रभावी बनाने के लिए सोमवार को रेल मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम राइट्स लिमिटेड के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
कंपनी ने सोमवार को बयान जारी कर बताया कि यह समझौता पांच वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे आपसी सहमति से आगे बढ़ाया जा सकता है। इसके तहत श्री सीमेंट की विनिर्माण इकाइयों में रेल संपर्क और सहायक सेवाओं के विकास को गति दी जाएगी, जिससे कच्चे माल और तैयार उत्पादों का परिवहन सुगम और पर्यावरण अनुकूल बन सके।
श्री सीमेंट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नीरज अखौरी ने इस मौके पर कहा, “जैसे-जैसे हम देशभर में अपने उत्पादन विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, एक मजबूत और कुशल लॉजिस्टिक्स नेटवर्क की आवश्यकता बढ़ती जा रही है। राइट्स के साथ यह सहयोग हमारे विकास को मजबूती देने वाला एक रणनीतिक कदम है, जो हमें पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के साथ आगे बढ़ने में मदद करेगा।”
समझौते के तहत राइट्स लिमिटेड परियोजना प्रबंधन सलाहकार (पीएमसी) की भूमिका निभाएगा और परियोजना के विभिन्न चरणों संभाव्यता अध्ययन, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर), निष्पादन प्रबंधन के लिए एंड-टू-एंड परामर्श सेवाएं प्रदान करेगा। साथ ही, राइट्स रेल मंत्रालय और अन्य संबंधित प्राधिकरणों से आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कराने में भी सहयोग करेगा।
राइट्स लिमिटेड के निदेशक (तकनीकी) एवं निदेशक (परियोजनाएं, अतिरिक्त प्रभार) डॉ. दीपक त्रिपाठी ने कहा, “हम श्री सीमेंट के साथ साझेदारी कर प्रसन्न हैं। परिवहन और अवसंरचना इंजीनियरिंग में हमारे अनुभव का लाभ उठाते हुए, हम कंपनी को एकीकृत और भविष्य-उन्मुख समाधान प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

