भारत की कॉमन कंप्यूटिंग क्षमता 34 हजार जीपीयू के पार : वैष्णव

नयी दिल्ली 30 मई (वार्ता) केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को यहां बताया कि भारत की राष्ट्रीय कॉमन कंप्यूटिंग क्षमता 34000 जीपीयू के पार होने के साथ ही भारत के अपने एआई फाउंडेशन मॉडल के निर्माण के लिए तीन नए स्टार्टअप का चयन किया गया है।

श्री वैष्णव ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में ‘इंडियाएआई मेक एआई इन इंडिया, मेक एआई वर्क फॉर इंडिया’ कार्यक्रम में कई प्रमुख पहलों की घोषणा की, जिसका उद्देश्य भारत की एआई यात्रा को गति देना है। उन्होंने कहा कि इंडिया एआई मिशन ने स्वदेशी एआई क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण छलांग लगाई है।

श्री वैष्णव ने इंडियाए आई मिशन के तहत नव चयनित टीमों से अपने-अपने क्षेत्रों में शीर्ष-पांच वैश्विक स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य रखने की अपील की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रौद्योगिकी के लोकतंत्रीकरण के दृष्टिकोण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, “प्रौद्योगिकी को कुछ लोगों के हाथों में नहीं छोड़ा जाना चाहिए। यह बहुत महत्वपूर्ण है कि समाज का एक बड़ा वर्ग प्रौद्योगिकी तक पहुँच बनाने, नए समाधान विकसित करने और बेहतर अवसर प्राप्त करने में सक्षम हो। यही वह दर्शन है जिसके साथ इंडिया एआई मिशन बनाया गया था। हम एआई मिशन के व्यावहारिक रूप से हर स्तंभ में महत्वपूर्ण प्रगति कर रहे हैं। कॉमन कंप्यूट प्रौद्योगिकी के लोकतंत्रीकरण का एक बहुत ही महत्वपूर्ण सिद्धांत है।”

उन्होंने बताया कि एआई कोष में 367 डेटासेट पहले ही अपलोड किए जा चुके हैं। मंत्री ने रिवर्स ब्रेन ड्रेन को बढ़ावा देने और आधारभूत मॉडल, कंप्यूट क्षमता, सुरक्षा मानकों और प्रतिभा विकास पहलों को शामिल करते हुए एक व्यापक पारिस्थितिकी तंत्र बनाने में इंडिया एआई मिशन की भूमिका को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य भारत में एक पूर्ण और समावेशी एआई पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है।

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि मिशन के भीतर इंडियाएआई फाउंडेशन मॉडल स्तंभ का उद्देश्य भारत-विशिष्ट डेटा पर प्रशिक्षित स्वदेशी आधारभूत मॉडल विकसित करना और उन्हें लागू करना है। प्रस्तावों के लिए आवेदन आमंत्रित किये जाने के बाद से, 30 अप्रैल, 2025 तक 506 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। 26 अप्रैल 2025 को, सर्वम एआई को भारत के सॉवरेन एलएलएम इकोसिस्टम का निर्माण करने के लिए चुना गया है, जो 2047: सिटीजन कनेक्ट और एआई4प्रगति जैसे उपयोग मामलों के माध्यम से शासन और सार्वजनिक सेवा तक पहुँच बढ़ाने के लिए एक ओपन सोर्स 120 अरब पैरामीटर एआई मॉडल विकसित कर रहा है। यह हाइब्रिड रीजनिंग क्षमताओं के साथ सर्वम-1 मॉडल और सर्वम-एम मॉडल के पहले लॉन्च के बाद है। सर्वम एआई के अलावा, एक कठोर बहु-चरणीय विशेषज्ञ मूल्यांकन के बाद तीन और प्रस्तावों का चयन किया गया है जिसमें सोकेट एआई भारत का पहला ओपन-सोर्स 120 अरब पैरामीटर फाउंडेशन मॉडल विकसित करेगा जो देश की भाषाई विविधता के लिए अनुकूलित है और रक्षा, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा जैसे क्षेत्रों को लक्षित करता है। ज्ञानी एआई उन्नत रीजनिंग क्षमताओं के साथ बहुभाषी, वास्तविक समय भाषण प्रसंस्करण प्रदान करने वाला 14 अरब पैरामीटर वॉयस एआई फाउंडेशन मॉडल बनाएगा। गण एआई वर्तमान वैश्विक अग्रणी मॉडलों से आगे निकलने के लिए सुपरह्यूमन टीटीएस (टेक्स्ट-टू-स्पीच) क्षमताओं को लक्षित करते हुए 70 अरब पैरामीटर बहुभाषी फाउंडेशन मॉडल बनाएगा।

श्री वैष्णव ने मौजूदा 18,417 सूचीबद्ध जीपीयू में अतिरिक्त 15,916 जीपीयू की घोषणा की, जिससे उद्योग भागीदारों के समर्थन से कुल 34,333 जीपीयू बनेंगे। क्लाउड पर यह विस्तारित कंप्यूट क्षमता प्रशिक्षण और अनुमान के लिए एक सामान्य कम्प्यूटेशनल एआई प्लेटफ़ॉर्म प्रदान करेगी, जो भारतीय संदर्भ के अनुरूप स्वदेशी आधारभूत मॉडल और एआई समाधान विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण है।

Next Post

सोना में तेजी, चांदी में गिरावट

Fri May 30 , 2025
इंदौर, 30 मई (वार्ता) स्थानीय सर्राफा बाजार में सोना सस्ता होकर बिका। वहीं चांदी सिक्का स्थिर रहा। विदेशी बाजार में सोना 3301 डालर व चांदी 3308 सेंट प्रति औंस बिकी। उल्लेखनीय है कि सोना- चांदी के भाव में देर रात तक फेरबदल होता रहता है। सोना 96250 रुपये प्रति 10 […]

You May Like