रायसेन। सर्वर डाउन नेटवर्क की धीमी चाल की समस्या सर्विस प्रोवाइडर के लिए जी का जंजाल बनी हुई है। दरअसल 1 अप्रैल 2025 से शासन द्वारा संपदा 2.0 रजिस्ट्री करने का नियम लागू कर दिया गया है ।जिससे रजिस्ट्री कराने वाले और संपत्ति बेचने वाले दोनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
20 मिनट की जगह लग रहे दो घंटे से ज्यादा
उप पंजीयक विभाग रायसेन में संपदा 2.0 सॉटवेयर लागू हो गया है। एक सर्विस प्रोवाइडर ने अपना नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि आधार ओटीपी के माध्यम से रजिस्ट्री अपलोड होती है। अंगूठा व फोटो आधार से लिया जा रहा है। 20 मिनट में रजिस्ट्री सॉटवेयर में अपलोड हो जानी चाहिए।, लेकिन दो से ढाई घंटे लग रहे हैं। सेवा प्रदाता के यहां पक्षकार का समय खराब हो रहा है। दिन में कई बार यह स्थिति बन रही है।
संपदा 2.0 से वीआइपी कल्चर समाप्त
जिला पंजीयक कार्यालय रायसेन के सूत्रों के मुताबिक संपदा-2 सॉटवेयर में वीआइपी कल्चर खत्म हो गया है। टोकन जनरेट होने के बाद नंबर से ही रजिस्ट्री हो सकेगी। टोकन मिलने के बाद रजिस्ट्री का समय आ गया, तो पक्षकार को 15 मिनट के भीतर उप पंजीयक के सामने पहुंचना होता है। सभी नियमों का पालन किया तो रजिस्ट्री जल्द हो जाती है।
सभी प्रक्रिया हो तो तुरंत हो जाती है रजिस्ट्री
यदि सेवा प्रदाताओं की ओर से समय पर सभी प्रक्रिया पूरी हो जाए तो उप पंजीयक रायसेन के सामने रजिस्ट्री पहुंचने पर ज्यादा समय नहीं लगता है। स्लॉट खुलने पर चंद मिनट में रजिस्ट्री हो जाती है और पक्षकार के मोबाइल व ई- मेल पर रजिस्ट्री पहुंच जाती है। इसके अलावा गवाहों की जरूरत न होने पर रजिस्ट्री कार्यालय में भीड़ भी नहीं लग रही है।
उप पंजीयक कार्यालय रायसेन सहित जिले के सभी उप पंजीयक विभागों में लागू संपदा 2.0 सिस्टम में सेवा प्रदाताओं के पास जमीन के दस्तावेज अपलोड करने में ज्यादा समय लग रहा है। इसका कारण इंटरनेट की गति धीमी भी मुख्य वजह बतायी जा रही है।
इनका कहना है
सेवा प्रदाताओं के सिस्टम से रजिस्ट्री अपलोड करने में तकनीकी समस्या आ रही है तो मुझे शिकायत की जा सकती है। जिससे हम उसे भोपाल को फारवर्ड कर देंगे। इससे इस तकनीकी समस्या का समाधान निकल जाएगा।
रजनेश सोलंकी, जिला पंजीयक अधिकारी रायसेन
