मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में किया दो दिवसीय साहित्यिक सम्मेलन का उद्घाटन

नयी दिल्ली, 29 मई (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि साहित्य तथा साहित्यकारों के प्रति उनके मन में हमेशा अत्यंत सम्मान का भाव रहा है इसलिए वह चाहती थीं कि राष्ट्रपति भवन में इस तरह का सम्मेलन हो जिसमें अनेक साहित्यकार मौजूद रहें और देश की साहित्यिक विविधता देखने को मिले।

श्रीमती मुर्मु ने राष्ट्रपतिभवन के सांस्कृतिक केंद्र में दो दिवसीय साहित्यिक सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए गुरुवार को कहा कि छात्र जीवन से ही उनके मन में साहित्य और साहित्यकारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रहा है और जैसे जैसे समय बीतता गया उनका यह भाव गहरा होता गया है। वह चाहती थीं कि राष्ट्रपति भवन में इस तरह का कार्यक्रम हो जिसमें अनेक साहित्यकार आएं और आज यह आयोजन कर संस्कृति मंत्रालय और साहित्य अकादमी ने सराहनीय कार्य किया है।

उन्होंने कहा , “हमारे देश में अनेक भाषाएं हैं और विविध साहित्यिक परंपराएं मौजूद हैं जिनमें भारतीयता के विविधरूप की झलक देखने को मिलती है। यह विविधता हमारे देश के सामूहिक अवचेतन में भी गहराई से समाई है।” उन्होंने कहा कि वह देश की सभी भाषाओं और बोलियों को वह अपनी भाषा और बोली समझती हैं और सभी भाषाओं के साहित्य को अपना मानती हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि बदलते संदर्भों के बीच स्थायी मानवीय मूल्यों की स्थापना ही कालजयी साहित्य की पहचान है। जैसे-जैसे समाज और सामाजिक संस्थाएं बदलती हैं तो चुनौतियां और प्राथमिकताएं भी बदल जाती हैं और साहित्य में भी यह बदलाव देखने को मिले हैं हालांकि साहित्य में कुछ ऐसा जरूर है जो सदियों बाद भी प्रासंगिक बना हुआ है। स्नेह और करुणा के साहित्यिक संदर्भ बदलते रहते हैं लेकिन उनकी भावनात्मक पृष्ठभूमि नहीं बदलती। साहित्य से प्रेरणा लेकर मनुष्य सपने देखता है और उन्हें साकार करता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस साहित्यिक समागम में वक्ताओं और प्रतिभागियों के बीच रचनात्मक संवाद स्थापित होगा। सम्मेलन में शुक्रवार को ‘भारत का नारीवादी साहित्य : नयी राहें’ ‘साहित्य में बदलाव बनाम बदलाव का साहित्य’ और ‘वैश्विक परिप्रेक्ष्य में भारतीय साहित्य की नयी दिशाएँ’जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। खुशी की बात यह है कि इसका समापन देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती की गाथा के साथ होगा।

Next Post

कृषि संकल्प अभियान: पाटीदार ने प्रचार रथ को दिखाई हरी झण्डी 

Thu May 29 , 2025
खरगोन। जिले के विकासखण्डों में विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत कृषक संगोष्ठी आयोजित की गई। विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने प्रचार रथ को हरी झण्डी दिखाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कृषि वैज्ञानिकों ने खरीफ फसलों, सोयाबीन की उन्नत खेती, पोषक तत्व प्रबंधन और जैविक नियंत्रण पर जानकारी दी। किसानों को […]

You May Like