भुज, 26 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के भुज में सोमवार को कहा कि भारत की लड़ाई, सीमापार पल रहे आतंकवाद से है।
श्री मोदी ने आज यहां 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर कहा कि भारत की लड़ाई, सीमापार पल रहे आतंकवाद से है। जो आज इस आतंकवाद को पाल-पोस रहा है, उससे हमारी दुश्मनी है। मैं कच्छ की इस धरती से पाकिस्तान की सीमा पर सटा हुआ मेरा जिला है, मैं पाकिस्तान के लोगों को भी कहना चाहता हूं, क्या पाया आपने, हिंदुस्तान दुनिया की चौथी इकोनामी बन गया और तुम्हारा हाल क्या है, तुम्हारे बच्चों के भविष्य को बर्बाद किसने किया, उन्हें दर-दर भटकने के लिए मजबूर किसने किया, ये आतंकवाद के आकाओं ने, वहां की सेना का अपना एजेंडा है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के नागरिकों, खास करके वहां के बच्चे, ये मोदी की बात कान खोल करके सुन लो, ये आप की सरकार और आपकी सेना आतंकवाद को समर्थन दे रही है। आतंकवाद, पाकिस्तान की सेना और सरकार के लिए पैसे कमाने का जरिया बन गया है। पाकिस्तान के युवकों को तय करना होगा, पाकिस्तान के बच्चों को तय करना होगा, क्या ये रास्ता उनके लिए ठीक है, क्या उनका भला हो रहा है, सत्ता के लिए जो ये खेल खेले जा रहे हैं, क्या उससे पाकिस्तान के बच्चों की जिंदगी बनेगी, मैं पाकिस्तान के बच्चों को कहना चाहता हूं, ये आपके हुक्मरान, ये आपकी सेना आतंकवाद के साये में पल रही है, वो आपके जीवन में खतरे पैदा कर रही है, आपके भविष्य को नष्ट कर रही है, आपको अंधेरे में धकेल रही है। पाकिस्तान को आतंक की बीमारी से मुक्त करने के लिए पाकिस्तान की अवाम को भी आगे आना होगा, पाकिस्तान के नौजवानों को आगे आना होगा, सुख-चैन की जिंदगी जियो, रोटी खाओ, वरना मेरी गोली तो है ही।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आज यहां एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। भारत की दिशा एकदम स्पष्ट है। भारत ने विकास का पथ चुना है, शांति और समृद्धि का रास्ता चुना है। मुझे भरोसा है कि जैसे कच्छ की जो स्पिरिट है, वो भारत को विकसित बनाने के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
उन्होंने कहा कि मेरे कच्छी भाइयों-बहनों, अब थोड़े दिन बाद अपनी अषाढ़ी बीज आएगी, अपना कच्छी नया साल, यहाँ आया हूं, पहले तो यहाँ अषाढ़ी बीज को आने का मौका लेता था। लेकिन अब आने वाला नहीं हूं, तो आज ही अपने अषाढ़ी बीज के नए साल की शुभकामनाएँ मेरे कच्छी भाइयों-बहनों को देता जाऊ। कच्छ के मेरे प्यारे भाई-बहनों आपका प्रेम, आपका आशीर्वाद और आज जो रोड शो किया, वाह-वाह इतनी गर्मी में, एयरपोर्ट से यहाँ तक जनसमुदाय उमड़ा। कच्छ को मेरे 100-100 सलाम, दोस्तो 100-100 सलाम। एक बार फिर, आप सभी को अनेक विकास कार्यों की बहुत-बहुत शुभकामनाए देता हूं।
श्री मोदी ने कहा, मेरे साथ जोर से, पूरी ताकत बोलिए और तिरंगे झंडे को बराबर ऊंचा करके बोलिये, भारत माता की जय, भारत माता की जय, भारत माता की जय, भारत माता की जय, वंदे मातरम। वंदे मातरम, वंदे मातरम। वंदे मातरम, वंदे मातरम। वंदे मातरम, बहुत- बहुत धन्यवाद।
