
सीहोर। शुक्रवार को समीप के ग्राम धबोटी में एक निर्दोष मजदूर की जिंदगी विद्युत वितरण कंपनी की लापरवाही की भेंट चढ़ गई. वाहन से खली- चूरी उतारते वक्त उसे करंट लग गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण मजदूर का शव लेकर विद्युत वितरण कंपनी के दफ्तर पहुंच गए. इस अवसर पर सरपंच ने बताया कि उन्होंने कई बार केबल बदलने को कहा था लेकिन उनकी बात को अनसुना कर दिया गया, जिसके चलते यह हादसा घटित हो गया.
जानकारी के अनुसार सीहोर जिले के ग्राम धबोटी में शुक्रवार सुबह करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। 35 वर्षीय प्रेम सिंह लोडिंग वाहन से पशु आहार उतारते समय पास के विद्युत पोल से टकरा गया, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर जमकर हंगामा किया और शव को लेकर विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच द्वारा कई बार जर्जर बिजली लाइन बदलने के लिए आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई। इससे पहले भी गांव में दो अन्य लोगों की बिजली के झूलते तारों से मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने दोषियों पर कार्रवाई और मृतक को मुआवजा देने की मांग की है। बिजली कंपनी के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच का आश्वासन दिया है।
जांचोपरांत करेेंगे उचित कार्रवाई
ग्रामीण एक युवक का शव लेकर कार्यालय पहुंचे थे जिन्होंने बताया कि सरपंच द्वारा बिजली लाईन बदलने की मांग की थी जो नहीं बदल गई. जिसके कारण यह हादसा हुआ है. उन्हें जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया है. जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. नियमानुसार मृतक परिवार को आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी.
सुमित अग्रवाल,
उप प्रबंधक, विद्युत कंपनी
