दीव, 22 मई (वार्ता) खेलो इंडिया बीच गेम्स (केआईबीजी) के चौथे दिन गुरुवार को पेंचक सिलाट मुकाबले में नागालैंड और मणिपुर ने दो-दो तथा दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव, महाराष्ट्र, दिल्ली, और जम्मू-कश्मीर ने एक-एक स्वर्ण पदक जीते।
आज यहां खेले गये पेंचक सिलाट में पुरुष अंडर-45 किलोग्राम श्रेणी में दादरा एवं नगर हवेली और दमन दीव के प्रसन्ना नरेंद्र बेंद्रे ने उत्तर प्रदेश के प्रशांत के खिलाफ जोरदार मुकाबले में अंतिम राउंड के आखिरी पलों में एक किक सीधे उनके मुंह पर मार दी। इस कारण उन्हें पांच अंक की पेनाल्टी दी गई, लेकिन इसका उनकी जीत पर कोई असर नहीं पड़ा। स्थानीय हीरो बेंद्रे ने मुकाबला 45-21 से जीतकर प्रतियोगिता का अपना दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया।
दूसरे फाइनल में, महिला अंडर-45 किग्रा कैटेगरी में मणिपुर की डॉली लेशांगथेम ने चंडीगढ़ की रीना को 13-12 से करीबी मुकाबले में हराया।
इसके बाद, पुरुष क्लास ए45-50 किग्रा श्रेणी में नागालैंड के जॉन ने एक बड़ा उलटफेर करते हुए महाराष्ट्र के अनुभवी खिलाड़ी रामचंद्र दीपक बडाक को 22-15 से मात दी।
महिला क्लास ए45-50 किग्रा फाइनल में मणिपुर की थोऊनाओजम रीता चानू ने उत्तराखंड की गायत्री नेगी को 18-9 से हराया। यह मुकाबला स्कोर से ज्यादा कड़ा था, लेकिन नेगी को सिर पर मारने के कारण 5 अंक की पेनाल्टी मिली, जिससे चानू को निर्णायक बढ़त मिल गई।
अन्य मैच में दिल्ली के शिवम ने वरिष्ठ पुरुष क्लास बी50-55 किग्रा कैटेगरी में उत्तराखंड के एशुभारती को 29-18 से हराकर दिल्ली के लिए दिन का दूसरा स्वर्ण सुनिश्चित किया। इससे पहले दिल्ली को एक गोल्ड रीगू सीनियर महिला टीम में भी मिला था।
वरिष्ठ पुरुष क्लास सी55-60 किग्रा कैटेगरी में जम्मू-कश्मीर के सज्जाद अहमद बेग ने ओडिशा के सोहिल गुरंग को एकतरफा मुकाबले में 9-0 से हराया। गुरंग इस फाइनल में एक भी अंक नहीं बना सके।
दिन के दूसरे अंतिम मुकाबले में, महाराष्ट्र की जयश्री कैलाश शेट्ये ने नागालैंड की हटनैनम खोंगसाई को वरिष्ठ महिला क्लास बी50-55 किग्रा फाइनल में 24-8 से हराया।
दिन के आखिरी फाइनल में, नागालैंड की लाइके किबामी ने मणिपुर की हिजाम मेरिना देवी को वरिष्ठ महिला क्लास सी55-60 किग्रा कैटेगरी में 26-17 से हराकर नागालैंड को दिन का दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया।

