नयी दिल्ली 20 मई (वार्ता) पूर्व विदेश मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने मंगलवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में बनी सहमति दोनों देशों के बीच सीधी बातचीत का नतीजा है, जिसमें किसी ने कोई हस्तक्षेप या मध्यस्थता नहीं की।
श्री खुर्शीद ने विदेश सचिव विक्रम मिस्री द्वारा उच्च स्तरीय ब्रीफिंग के बाद मीडिया से बातचीत में कहा, ‘कोई हस्तक्षेप या मध्यस्थता नहीं थी, लेकिन जब दुनिया में ऐसी कोई बात होती है, तो लोग कोई संदेश भेजने या कहने की कोशिश करते हैं।’
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि यह पहल पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) की ओर से की गई थी। श्री खुर्शीद ने कहा, ‘उन्होंने कहा कि हम इसे खत्म कर दें और हमने कहा कि अगर आप इसे खत्म करना चाहते हैं तो हम भी तैयार हैं।’
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि घरेलू राजनीति और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में अंतर होता है। उन्होंने कहा, ‘देश के अंदर राजनीति हमारा अधिकार है, हमारा कर्तव्य है; यह अलग है। लेकिन देश के बाहर हमें जो कहना है वह अलग है।’
श्री खुर्शीद सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य हैं जो दुनिया को आतंकवाद के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता का भारत का मजबूत संदेश देंगे।
