
हटा/दमोह. जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी फुटेरा के ग्राम घुराटा में 18 साल की युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.वह कक्षा 12वीं की छात्रा थी,हाल ही में आए परीक्षा परिणाम में वह तीन विषयों में फेल हो गई थी.इसी कारण वह बीते कुछ दिनों से तनाव में थी.मंगलवार सुबह करीब 9 बजे छात्रा ने घर में फांसी लगा कर जान दी. घटना के समय उसका छोटा भाई घर पर ही था, उसने बहिन को फंदे पर लटका देखा तो तुरंत परिवार को बताया.पिता ने फांसी की रस्सी काटकर उसे नीचे उतारा. उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बटियागढ़ लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची.मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की गई.शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है,पुलिस मामले की जांच कर रही है.
