इंदौर:लसूडिया पुलिस ने जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े के एक गंभीर मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष कपिल गोयल को गिरफ्तार किया है. कपिल पर पीड़ित नरेंद्र कुमार माहेश्वरी से फर्जी दस्तावेजों के जरिए 49 लाख रुपए की ठगी का आरोप है. रविवार को कपिल को कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया.
डीसीपी जोन 02 अभिवन विश्वकर्मा ने बताया कि कपिल ने नरेंद्र को प्लॉट दिलाने के नाम पर विस्तारा टाउनशिप का फर्जी अलॉटमेंट लेटर देने के बाद में सौदे में बदलाव करते हुए बाबजी नगर एक्सटेंशन का भूखंड दिखाया गया और प्लॉट का एक हिस्सा अपने पिता के नाम कराने की बात कही गई. कपिल ने नरेंद्र की मुलाकात प्रबल पटौदी उर्फ अभिषेक राठौर से करवाई और अपनी पत्नी व अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर रजिस्ट्रार ऑफिस में रजिस्ट्री भी करवा दी.
जब पीड़ित को फर्जीवाड़े की जानकारी हुई, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई. इस पर पुलिस ने मार्च 2025 में कपिल और अन्य आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की. इस मामले में कपिल की पत्नी, अभिषेक राठौर उर्फ प्रबल पटौदी और शुभम मालवीय अभी फरार हैं. पुलिस इनकी तलाश में दबिश दे रही है.
